राष्ट्रीय हिंदी दिवस पर दिल्ली में जितेन्द्र बच्चन राष्ट्रीय गौरव सम्मान से अलंकृत

राष्ट्रीय जनमोर्चा। दिल्ली ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन को एक बार फिर अलंकृत किया गया है। इस बार उन्हें दिल्ली के शाहदरा स्थिति ज्योतिनगर में राष्ट्रीय हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर साहित्य, काव्य एवं कला की राष्ट्रीय संस्था ‘जशाला फाउंडेशन’ ने ‘राष्ट्रीय गौरव’ पुरस्कार से नवाजा है।
रविवार, 13 सितंबर को आयोजित साहित्य, काव्य एवं कला के ‘त्रिवेणी समारोह’ के जितेन्द्र बच्चन मुख्य अतिथि भी रहे। उन्होंने ‘राष्ट्रीय सम्मान’ को बड़ी विनम्रता से स्वीकार करते हुए कहा कि यह पुरस्कार मेरे अतीत और वर्तमान के कार्यों को सम्मानित करता है। साथ ही मुझे यह जिम्मेदारी भी देता है कि मैं पत्रकारिता के माध्यम से देश के लिए कुछ और श्रेष्ठ करूं, जो नयी पीढ़ी के पत्रकारों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करता रहे।
मुख्य अतिथि जितेन्द बच्चन ने समारोह के साथ-साथ अलग-अलग विधाओं में 10 विश्व कीर्तिमान स्थापित करने वाले सुरेश पाल वर्मा ‘जसाला’ की पुस्तकों का लोकार्पण व उनकी रस्सी चित्रकला की दो द्विवसीय प्रदर्शनी का भी द्वीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जय सिंह आर्य ने की, जबकि बतौर अतिथि ओमप्रकाश प्रजापति, डॉ. सुरेंद्र वर्मा, डॉ. बृजपाल सिंह संत, प्रीतम सिंह ‘प्रीतम’ और राजेंद्र वर्मा प्रधान मंचासीन रहे।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन करीब 38 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए उन्हें ‘भारत गौरव’ अवार्ड प्राप्त है। पत्र-पत्रिकाओं में उनकी बाल साहित्य एवं हिंदी साहित्य से जुड़ी कई रचनाएं प्रकाशित हो चुकी हैं। पिछले आठ साल से वे समाजसेवा भी कर रहे हैं। वर्तमान में अखिल भारतीय सामाजिक संगठन ‘समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
उल्लेखनीय है कि जितेन्द्र बच्चन पत्रकार होने के साथ-साथ एक समाजिक चिंतक के रूप में भी जाने जाते हैं। पत्रकारिता के अलावा उनको शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, मतदाता जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कई प्रदेशों में अवार्ड प्रदान किए गए हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*