राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
गाजियाबाद। मेरठ रोड निकटस्थ निलाया ग्रीन्स सोसायटी के बुजुर्गों ने नवनिर्वाचित एओए टीम का स्वागत कर उसे अपने आशीर्वाद से नवाजा। उन्होंने रविवार को आयोजित कार्यक्रम में सोसायटी हित में अनेक सुझाव व अपेक्षाएं भी रखीं। अध्यक्ष दीपक त्यागी, उपाध्यक्ष मनजीत चौहान, सचिव अश्वनी जायसवाल, कोषाध्यक्ष अमित सक्सेना तथा कार्यकारिणी सदस्य धीरज शर्मा, रोहित दुबे और अश्विनी कुमार ने अपना-अपना परिचय देने के साथ बताया कि वे एओए रजिस्ट्रेशन और बिल्डर से चार्ज लेने की प्रक्रिया का कार्य सम्पन्न होते ही सोसायटी की सुरक्षा और विकास की अपनी योजनाओं का कार्यान्वयन आप लोगों के सुझावों / निर्देशों को ध्यान में रखते हुए शुरू कर देंगे।
मंच संयोजक सत्येन्द्र प्रकाश (पत्रकार) के स्वरचित मुक्तकों, पद / नाम अनुसार दिलचस्प टिप्पणियों के साथ संचालन में संपन्न हुई बैठक में जहां लोगों ने कुत्तों की समस्या को प्रमुखता से उठाया, वहीं एक्सपर्ट प्रो. डॉ भुवन कुमार ने एओ एटीम को डिजास्टर मैनेजमेंट से संबंधित टिप्स दिए। अन्य वक्ताओं में सुनील कुमार, सतीश राजपूत, देवेन्द्र कुमार सिंह, मंगू सिंह त्यागी प्रमुख रहे।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान 2026’ से विभूषित महावीर प्रसाद त्यागी एवं संरक्षक सुरेन्द्र नाथ दास ने पदाधिकारियों को आशीर्वचन और शुभकामनाएं देते उनसे बेहतर व्यवस्था देने की अपेक्षा व्यक्त की। श्री दास ने आगंतुकों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम का समापन संचालक की घोषणा और जलपान के साथ हुआ, जिसमें नीलकांत मिश्र, कैलाश गुप्ता, नरेश पाल, राजेंद्र त्यागी, विमल घोष, फतेह बहादुर सिंह (सह संयोजक), अखिलेश राय, पूरन चन्द, अरविन्द कुमार साहू आदि सदस्यों एवं शुभाशीष, अनिल मिश्र (आमंत्रित) की मौजूदगी खास रही।


Leave a Reply