उत्तर प्रदेश: गाजियाबाद के लोनी में आग से 5 बच्चों समेत 6 की मौत

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की मौलाना आजाद कॉलोनी में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से एलसीडी में लगी आग से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच बच्चे भी शामिल हैं। घटना का पता पास-पड़ोसियों को सोमवार की सुबह करीब नौ बजे चला। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है। घटना से पूरे लोनी इलाके में मातम छाया हुआ है।

पुलिस के अनुसार मृतकों में 40 वर्षीय श्रीमती परवीन पत्नी युसूफ अली, 12 वर्षीय फातमा पुत्री आसिफ अली, 10 वर्षीय साहिमा पुत्री आसिफ अली, आठ वर्षीय रुकैया पुत्री आसिफ, आठ वर्षीय अब्दुल अजीम पुत्र राशिद और पांच वर्षीय अब्दुल अहमद पुत्र राशिद शामिल हैं। युसूफ और उसके चार भाई आसिफ, राशिद, मुन्ना और अरिफ मूलत: जानी मेरठ के रहने वाले हैं। इनमें से दो भाई राशिद और आरिफ गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की मौलाना आजाद कॉलोनी में रहते हैं।

रविवार को एक रिश्तेदार के यहां शादी थी। इसलिए आरिफ और राशिद परिवार के कुछ सदस्यों के साथ पैतृक गांव मेरठ गए हुए थे। यहां गाजियबाद के मकान में पांच बच्चे फातिमा, साहिमा, रुकैया, अब्दुल अजीज, अब्दुल अहद और यूसुफ की पत्नी परवीन मौजूद थे। सभी लोग मकान में ग्राउंड फ्लोर पर बने एक कमरे में सोए हुए थे। देर रात शॉर्ट सर्किट से कमरे में लगी एलसीडी में आग लग गई। पूरे कमरे में धुआं भर गया और दम घुटने से सभी 6 लोगों की मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह के अनुसार सोमवार की सुबह मकान का दरवाजा न खुलने पर कॉलोनी के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर सभी शवों को बाहर निकाला। एसएसपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले की जांच-पड़ताल जारी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*