- राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
- दिल्ली के मुख्यमंत्री ने सेना बुलाने और प्रभावित इलाकों में कर्फ्यू लगाने की मांग की
- नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के नाम पर दिल्ली की सड़कों पर शुरू हुआ बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले तीन दिनों में देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में हिंसा हुई है, जिसमें मरने वालों की संख्या 20 पहुंच गई है।
बुधवार सुबह भी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में हिंसक प्रदर्शन हुआ। यहां पर कुछ उपद्रवियों ने एक दुकान में आग लगा दी। हिंसा के माहौल के बीच अरविंद केजरीवाल ने अपील की है कि दिल्ली में हिंसा प्रभावित इलाकों में सेना की तैनाती होनी चाहिए।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है, ‘मैं लगातार दिल्ली में कई लोगों से संपर्क में हूं। अभी हालात तनावपूर्ण हैं। पुलिस अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद माहौल नहीं संभाल पा रही है। ऐसे में अब सेना को बुलाना चाहिए और प्रभावित इलाकों में कर्फ्यू लगा देना चाहिए। मैं इस बारे में केंद्रीय गृह मंत्री को चिट्ठी लिख रहा हूं।’
बुधवार को दिल्ली हिंसा को लेकर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में कोर वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हुई। बैठक में महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान हिंसक घटनाओं के मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता आज शांति मार्च निकालेंगे।


Leave a Reply