राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। देश में कोरोना से संक्रमण के 4 नए मामले सामने आने के साथ ही पॉज़िटिव मरीजों की संख्या 147 से 151 हो गई है। बुधवार को आए इन मरीजों में दिल्ली से एक, बंगलुरू से दो और नोएडा से एक मामला सामने आया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश के 14 राज्यों और तीन केन्द्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस के मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। दिल्ली में अब तक 9 मामलों की पुष्टि हुई है और एक मौत हो चुकी है। जबकि केरल में 25, उत्तर प्रदेश में 15, हरिय़ाणा में 03, महाराष्ट्र में 39, कर्नाटक में 11, आंध्र प्रदेश में एक, जम्मू और कश्मीर में 03, तमिलनाडु में 01, तेलंगाना में 04, ओड़िशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल में एक-एक मामले की पुष्टि हो चुकी है। 151 मामलों में 14 मरीज इलाज के बाद घर जा चुके हैं और तीन मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें 25 मरीज विदेशी हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अपर सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश में स्थिति नियंत्रण में है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। मास्क और सेनिटाइजर की कालाबाजारी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा करने वालों पर स्वास्थ्य मंत्रालय व विभागों की नजर है। पकड़े जाने पर उन्हें सजा हो सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सभी को मास्क लगाने की जरूरत नहीं है।


Leave a Reply