कोरोना वायरस: देश में अब तक 7 लोगों की मौत, 360 की पुष्टि

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी देश में विकराल रूप धारण करती जा रही है। रविवार को इससे मरने वालों की संख्या 07 हो गई। जबकि 360 मरीजों में कोविड-19 की पुष्टि हुई है। अगर लोगों ने अपना ध्यान नहीं दिया तो यह संख्या और बढ़ सकती है। जनता कफ्र्यू से ही इस पर लगाम लगाई जा सकती है।
ताजा घटनाक्रम के तहत बिहार के पटना एम्स में 38 साल के एक शख्स की शनिवार को मौत हो गई। महाराष्ट्र में 63 साल के एक मरीज ने बीती रात दम तोड़ दिया। इसके अलावा अन्य राज्यों में भी कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। आज दिन में 12 बजे तक देश में कुल 341 मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। इस बीच देश के तीन राज्यों में लॉकडाउन के आदेश दे दिए गए हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 31 मार्च तक राज्य में लॉकडाउन का आदेश दिया हैं।
दुनियाभर में कोरोना वायरस के कारण संक्रमित मरीजों की संख्या 3 लाख से ऊपर पहुंच चुकी है।170 से ज्यादा देशों तक फैल चुके इस महामारी के कारण अब तक 13 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इटली से लाए गए 263 भारतीय छात्रों को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस छावला के क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। यहां सभी लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। इस बीच जम्मू और कश्मीर योजना के प्रमुख सचिव रोहित कंसल ने बताया है कि सरकार ने सभी कार्यालयों में 23,24 और 25 मार्च को छुट्टियां घोषित कर दी हैं।
तमिलनाडु में कोरोना वायरस का एक और पॉजिटिव मामला सामने आया है। यहां स्पेन की यात्रा करके आए एक मरीज में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जबकि बिहार की राजधानी पटना के एम्स अस्पताल में 38 साल के एक व्यक्ति की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई है। एम्स पटना के डॉ. प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि किडनी फेल होने के कारण शख्स की मौत हो गई। वह दो दिन पहले ही कोलकाता से लौटा था।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*