राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। दुनिया भर में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। महामारी का रूप ले चुकी इस बीमारी से अब तक 20 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 4.56 लाख से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। भारत में इसके खतरे को देखते हुए 21 दिन के लिए पूर्ण रूप से लॉकडाउन कर दिया गया है। सबसे अधिक नुकसान इटली में हुआ है, जहां 7000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
इटली में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 7 हजार के पार पहुंच चुका है। पूरी दुनिया में कोहराम मचा है। स्पेन ने कोरोना वायरस से हुई मौत के मामले में चीन को पीछे छोड़ दिया है। स्पेन में नई 738 मौतें दर्ज की गई हैं, जिसके कारण स्पेन में कोरोना वायरस से मरने वालों का आंकड़ा 3434 तक पहुंच चुका है।
ईरान में भी कोविड-19 से मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। यहां कोरोना वायरस के कारण 143 नई मौतें दर्ज की गई हैं। इसके साथ ही ईरान में मौत का आंकड़ा बढक़र 2077 पहुंच गया है। जबकि कोरोना वायरस के कारण अमेरिका में एक दिन में 130 से अधिक लोगों की मौत होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आवश्यक मेडिकल आपूर्ति और निजी सुरक्षा उपकरणों की जमाखोरी रोकने के लिए एक सरकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। यह पहली बार है जब देश में एक दिन में इतनी अधिक संख्या में लोगों की मौत हुई है। उधर भारत के अलावा ब्रिटेन ने भी तीन हफ्ते के लिए लॉकडाउन करने का फैसला लिया है। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने देश में कोविड-19 के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए लोगों की आवाजाही पर कम से कम तीन हफ्ते के लिए सख्त प्रतिबंध लगा दिए हैं।


Leave a Reply