कोरोना वायरस: नोएडा में 3 और नए मामले सामने आए, संख्या हुई 14

नोएडा। उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर में कोरोना वायरस (कोविड-19) के तीन और नए मामले सामने आए हैं। इससे गौतमबुद्धनगर और आसपास के जिले के लोगों की चिन्ता बढ़ गई है। गौतमबद्धनगर जिले में अब कोरोना के मामले बढ़कर 14 हो गए हैं, जो उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनुराग भार्गव ने बताया कि गुरुवार की सुबह नोएडा में कोरोना वायरस से संक्रमित तीन और लोग मिले हैं। इनमें एक दंपति भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पति-पत्नी को ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में भर्ती कराया है। संक्रमित दंपति सेक्टर 150 की एक हाउसिंग सोसाइटी में रहते हैं और अभी पिछले दिनों ही ये विदेश यात्रा से लौटे थे। डॉ भार्गव के अनुसार कोरोना वायरस के लक्षण दिखने के बाद नमूने लिए गए थे और 14 दिन के लिए होम क्वॉरेंटाइन कर दिया गया था। इसके अलावा एक अन्य युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भार्गव ने बताया कि युवक सेक्टर 135 के सैंडल स्वीट होटल में कई दिन से रुका हुआ था। मरीज में कोरोना के लक्षण के चलते उसका सैंपल जांच के लिये भेजा गया था। गुरुवार को इस व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। कुल मिलाकर अब तक गौतमबुद्धनगर जिले में 14 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से एक मरीज का इलाज दिल्ली में चल रहा था। बाकी सभी 13 मरीजों का उपचार ग्रेटर नोएडा के राज्य विज्ञान संस्थान में चल रहा है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*