गाजियाबाद: बिहार के 500 लोग ठहरे, प्रशासन ने की रहने-खाने की व्यवस्था

  • जिलाधिकारी और एसएसपी ने पलायन कर रहे लोगों को रुकने पर राजी किया
    गाजियाबाद। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते घोषित लॉकडाउन के बाद दिल्ली यूपी सीमा पर जहां हजारों की संख्या में लोगों को उनके गंतव्य के लिए बसों द्वारा भेजा जा रहा है, वहीं आज जिला प्रशासन ने एक नई पहल कर बिहार के रहने वाले 500 से ज्यादा लोगों को गाजियाबाद सीमा में ही रहने के लिए राजी कर लिया है। इन सभी को साहिबाबाद और खोड़ा क्षेत्र में रखा गया है। इनके खाने-पीने और रहने की व्यवस्था जिला प्रशासन ने की है।
    दरअसल जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी बॉर्डर पर ही डेरा डाले हुए हैं और व्यवस्थाओं को देख रहे हैं। इसी दौरान शनिवार को बिहार जाने के इच्छुक कुछ लोगों ने जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे से मुलाकात कर कहा कि उन्हें उनके प्रदेश बिहार में बस से भेज दिया जाए। इस पर पांडेय ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि वह गाजियाबाद में भी सुरक्षित हैं। गाजियाबाद प्रशासन उनके रहने और खाने-पीने के तमाम बंदोबस्त कर देगा। जिलाधिकारी के आश्वासन पर ये लोग गाजियाबाद में ठहरने के लिए राजी हो गए। जिलाधिकारी ने बताया कि करीब 500 लोगों को साहिबाबाद व खोड़ा क्षेत्र में रखा गया है। उनके रहने से लेकर खाने-पीने तक की व्यवस्था की गई है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*