हिमाचल का 265 करोड़ का बहुचर्चित घोटाला: सीबीआई ने दाखिल की चार्जशीट

नई दिल्ली। सीबीआई ने हिमाचल के बहुचर्चित छात्रवृत्ति घोटाला मामले में सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश (शिमला) की अदालत में पहली चार्जशीट दाखिल कर दी है। मामले में कुल 12 आरोपित बनाए गए हैं, जिनमें शिक्षा विभाग के छह कर्मचारी, केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट पंडोगा ऊना के पांच और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया नवांशहर पंजाब का एक कर्मचारी शामिल है।

सीबीआई नई दिल्ली के प्रवक्ता आरके गौड़ ने मंगलवार को बताया कि 265 करोड़ के बहुचर्चित छात्रवृत्ति घोटाले में सीबीआई ने कड़ी छानबीन के बाद विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। आरोपितों में जिन लोगों के नाम हैं, उनमें शिक्षा विभाग का तत्कालीन अधीक्षक एवं छात्रवृत्ति विंग डीलिंग हेड अरविंद, तत्कालीन असिस्टेंट डायरेक्टर माला मेहता, तत्कालीन अधीक्षक एवं डीडीओ श्रीराम शर्मा, तत्कालीन अधीक्षक एवं बीडीओ सुरेंद्र मोहन कंवर, तत्कालीन अधीक्षक एवं डीडीओ अशोक कुमार, तत्कालीन अधीक्षक एवं डीडीओ वीरेंद्र कुमार, केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट की निदेशक सरोज शर्मा, तत्कालीन कैंपस निदेशक डॉ बीएस संधू, तत्कालीन उपाध्यक्ष एवं मालिक हितेश गांधी, तत्कालीन अध्यक्ष प्रेम लाल गांधी, कार्यकारी प्रिंसिपल किरण चौधरी और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया नवांशहर पंजाब का तत्कालीन हेड कैशियर एसपी सिंह शामिल है। प्रवक्ता आरके गौड़ के अनुसार 12 आरोपितों पर अब मुकदमा चलेगा। इन सभी के खिलाफ सीबीआई ने 7 मई, 2019 को एफआईआर दर्ज की थी। छात्रों द्वारा छात्रवृत्ति न मिलने की शिकायतों पर एक राज्य परियोजना अधिकारी के माध्यम से पूछताछ की गई थी, जिसमें धन के वितरण में अनियमितताओं का खुलासा हुआ था। आरोप यह भी था कि हिमाचल प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार, बैंक अधिकारियों और संस्थानों के शिक्षा विभाग से आरोपितों की मिलीभगत है। उस समय सीबीआई ने छापा मारकर तीन अधिकारियों के यहां तलाशी ली थी और तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था।

admin
About admin 3411 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*