गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना वायरस से निपटने के प्रयास के बीच सोमवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक मुख्यमंत्री नाराज नजर आए और अफसरों को जमकर फटकार लगाई।
मुख्यमंत्री ने व्यवस्था को लेकर गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी बीएन सिंह, सीएमओ अनुराग भार्गव को समीक्षा बैठक में ही जमकर फटकारा। बताया जा रहा है कि सीजफायर कंपनी की तालाबंदी नहीं करने पर जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री ने फटकार लगाई है। योगी आदित्यनाथ सीजफायर कंपनी पर कार्रवाई न होने से नाराज थे। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि वे दो महीने से क्या कर रहे थे? कंट्रोल रूम के सही तरीके से काम न करने पर भी मुख्यमंत्री नाराज दिखे और अफसरों को फटकार लगाई।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में अभी तक कोरोना पॉजिटिव के सबसे ज्यादा केस मिले हैं। नोएडा चीफ मेडिकल ऑफियर (सीएमओ) ने सीजफायर कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि सीजफायर कंपनी में विदेश से कई व्यक्तियों के आने की वजह से नोएडा के कई सेक्टरों में कोरोना का संक्रमण फैला और फिर महामारी फैल गई। इसलिए कंपनी के खिलाफ एक्शन लिया जाए।
कोविड-19 महामारी को लेकर जिला प्रशासन ने संक्रमण को फैलाने पर एक कंपनी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि कंपनी के प्रबंध निदेशक 1 मार्च को ब्रिटेन से लौटे थे, जबकि 7 मार्च को उसी कंपनी के स्टॉफ ऑफिसर लौटे थे। विदेशी ऑडिटर ने कंपनी का ऑडिट किया था, लेकिन कंपनी ने ये सारी बातें छिपाई थीं। इसी कंपनी और उनकी फैमिली के 13 लोगों में संक्रमण हुआ था। ये सब जानकारी स्वास्थ्य विभाग से छिपाने के कारण जिला अधिकारी ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे।


Leave a Reply