नई दिल्ली। देश में अब तक कोरोना (कोविड-19) के 2,902 मामले सामने आ चुके हैं। करीब 24 घंटे में कोरोना वायरस के 601 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं और 12 लोगों की मौत हो चुकी है। इन आंकड़ों की पुष्टि स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने की है।
शनिवार को दिल्ली में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल होने वाले 51 वर्षीय कोरोना वायरस से संक्रमित रोगी का तमिलनाडु में निधन हो गया। राज्य में अब तक कोरोना वायरस के 411 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 364 तबलीगी जमात में शामिल हुए थे। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के अनुसार, अब तक भारत में कोरोना वायरस से 2,902 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 2,650 लोगों का इलाज जारी है। 183 लोग ठीक हो गए हैं। जबकि 68 लोगों की मौत हो गई है। पिछले 12 घंटे में 355 मामले नए सामने आए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार विश्व के 207 देशों में 9,76,249 मामले सामने आए हैं, जबकि 50,489 लोगों की मौत हो चुकी है।
संयुक्त सचिव अग्रवाल ने बताया कि देश में कोरोना वायरस से पीड़ित नौ फीसद लोग 0-20 वर्ष की आयु के हैं, 42 फीसद पीड़ित 21-40 वर्ष की आयु के हैं, 33 फीसद मामले 41-60 वर्ष की आयु के रोगियों के हैं और 17 फीसद कोरोना पीड़ित 60 वर्ष की आयु पार कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि भारत में अब तक कोरोना के 2,902 मामले सामने आ चुके हैं। शुक्रवार और शनिवार को अब तक कोरोना के 601 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं और 12 लोगों की मौत हुई है। पूरे देश में कोरोना से अब तक होने वाली कुल मौत का आंकड़ा 68 पहुंच गई है। जबकि 183 लोग इलाज से ठीक हो गए हैं।


Leave a Reply