बिना मेडिकल चेकअप के कराया जा सकेगा हेल्थ और टर्म लाइफ इंश्योरेंस

  • रेहान चौधरी
    गाजियाबाद। महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच लोगों को राहत देने के लिए पॉलिसी बाजार व देश की अन्य प्रमुख इंश्योरेंस कंपनिया आगे आ रही हैं। इन कंपनियों में शामिल पॉलिसी बाजार और अन्य इंश्योरेंस कंपनियों की नई टेली-मेडिकल सुविधा के तहत हेल्थ और टर्म लाइफ इंश्योरेंस बिना शारीरिक मेडिकल चेकअप के कराई जा सकेंगी।
    खास बात यह है कि कोरोना महामारी अब तक 193 से अधिक देशों में फैल चुकी है और विश्व के अलग-अलग हिस्सों में करीब 16 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं। एक लाख के आसपास लोगों की कोविड-19 के संक्रमण से मौत हो चुकी है। जबकि देश में कोरोना वायरस के संक्रमित लोगों की संख्या सात हजार पहुंच चुकी है। संक्रमण के मामलों की तेजी से बढ़ती संख्या वाले ऐसे मुश्किल भरे वक्त में इलाज की चिंता, मेडिकल चेकअप और अपनी बचत पूंजी की सुरक्षा करने को लेकर लोग चिंतित हैं।
    उपभोक्ताओं की इसी चिंता को दूर करने के लिए अब पॉलिसी बाज़ार से हेल्थ और टर्म लाइफ इंश्योरेंस बिना शारीरिक मेडिकल चेकअप के खरीदा जा सकता है। ऐसा होने से मेडिकल सेंटर्स पर बढ़ता बोझ भी कम हो सकेगा। टर्म और हेल्थ इंश्योरेंस प्लान खरीदते वक्त मेडिक्ल चेकअप ज़रूरी होता है। पॉलिसी बाज़ार (लाइफ इंश्योरेंस) की चीफ बिजनेस ऑफिसर संतोष अग्रवाल बताते हैं कि पॉलिसी बाज़ार ने इंश्योरेंस कंपनियों के साथ मिलकर टेली-मेडिकल की आधुनिक सुविधा विकसित की है। इंश्योरेंस खरीदने वाले ग्राहक अब फोन पर ही मेडिकल जांच कराकर एक टर्म या हेल्थ कवर खरीद सकते हैं यानि शारीरिक मेडिकल चेकअप नहीं कराना होगा।
    उन्होंने बताया कि टेली-मेडिकल ही वक्त की ज़रूरत है, क्योंकि कोविड -19 का संक्रमण दुनिया भर में फैल रहा है और यह उन सभी लोगों के लिए फायदेमंद होगा जो 2 करोड़ तक के सम एश्योर्ड वाला टर्म प्लान और 1 करोड़ का हेल्थ कवर खरीदने की सोच रहे हैं। यह सुविधा ग्राहकों को इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदने में आसान अनुभव देती है, ताकि वो जोखिमों से खुद को और अपने परिवार को सुरक्षा प्रदान कर सकें।
    पॉलिसी बाज़ार ने एचडीएफसी अर्गो हेल्थ, रेलिगेयर, मैक्स बूपा, एचडीएफसी लाइफ, मैक्स लाइफ, टाटा एआईए जैसी प्रमुख इंश्योरेंस कंपनियों से हाथ मिलाया है। सभी कंपनियां मिलकर ग्राहकों के लिए टेली-मेडिकल सेवाओं का विस्तार कर रही हैं और अधिक संख्या में डॉक्टरों एवं अन्य चिकित्सा कर्मियों को साथ जोड़ रही हैं, ताकि एक फोन कॉल पर मरीज़ों को परामर्श देने के साथ ही उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया जा सके और उन्हें कोविड -19 महामारी के वक्त जांच कराने के लिए कहीं बाहर ना जाना पड़े।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*