नोएडा में 16 और नए मामले सामने आए, संक्रमितों की संख्या हुई 80

गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश के नोएडा में कोरोना (कोविड 19) से 16 लोग और संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की संख्या 80 हो गई है। नए मरीजों में 9 लोग सेक्टर 5 और 8 की झुग्गियों में रहते हैं। ये सभी सीजफायर कंपनी में काम करने वाले कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के संपर्क में आने से पीड़ित हुए हैं।
मंगलवार की सुबह जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि सोमवार की देर रात से ही स्वास्थ्य विभाग, सर्विलांस और पुलिस की टीम ने सेक्टर-5 और आठ की झुग्गियों में पहुंचकर संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा गांव में रहने वाले दो लोग कोरोना से संक्रमित हैं। इन दोनों ने निजामुद्दीन मरकज में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
एलवाई के अनुसार तीन अन्य मरीज फोर्टिस अस्पताल के डायलिसिस यूनिट से जुड़े हैं। ये तीनों एक लैब टेक्नीशियन के संपर्क में आने से संक्रमित हुए। एक अन्य संक्रमित ग्रेटर नोएडा के ईटा सेक्टर का निवासी है। जबकि एक अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी संक्रमित हुआ है। इन सभी मरीजों को पहले से ही पृथक वार्ड में रखा गया था। सभी मरीजों की हालत स्थिर है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सोमवार को कुल 244 नमूनों की रिपोर्ट आई है, जिसमें 228 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव है। उन्होंने बताया कि 16 नये मरीजों के बाद अब जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 80 हो गई है। नौ लोग ठीक भी हुए है, जिनको आज घर भेजा जाएगा। इससे पहले 13 लोग ठीक हो चुके हैं। इस तरह अभी कुल 58 मरीज एक्टिव हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*