प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ऐलान- देश में 3 मई तक जारी रहेगा लॉकडाउन

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए किया गया 21 दिन का देशव्यापी लॉकडाउन आज पूरा हो रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाने का ऐलान किया। मंगलवार की सुबह 10 बजे उन्होंने कहा कि 3 मई तक हर देशवासी को लॉकडाउन में ही रहना होगा। इस दौरान हमें अनुशासन का उसी तरह पालन करना है, जैसे हम करते आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोगों से अपील की है कि अब कोरोना को हमें किसी भी कीमत पर नए क्षेत्रों में फैलने नहीं देना है। स्थानीय स्तर पर अब एक भी मरीज बढ़ता है तो ये हमारे लिए चिंता का विषय होना चाहिए। उन्होंने देशवासियों से धैर्य बनाकर रखने और नियमों का पालन करने को कहा ताकि कोरोना जैसी महामारी को परास्त किया जा सके।
प्रधानमंत्री ने इस बात का भी जिक्र किया कि आने वाले हफ्ते और कठिन हो सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘अगले एक सप्ताह में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में कठोरता और ज्यादा बढ़ाई जाएगी। 20 अप्रैल तक हर कस्बे, हर थाने, हर जिले, हर राज्य को परखा जाएगा, वहां लॉकडाउन का कितना पालन हो रहा है, उस क्षेत्र ने कोरोना से खुद को कितना बचाया है, ये देखा जाएगा।’
मोदी ने कहा कि लॉकडाउन के नियम अगर टूटटे हैं और कोरोना का पैर हमारे इलाके में पड़ता है तो सारी अनुमति वापस ले ली जाएगी। इसलिए न खुद लापरवाही करनी है और न दूसरों को लापरवाही करने देनी है। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र इस अग्निपरीक्षा में सफल होंगे, जो हॉटस्पॉट में नहीं होंगे, और जिनके हॉटस्पॉट में बदलने की आशंका भी कम होगी, वहां पर 20 अप्रैल से कुछ जरूरी गतिविधियों की अनुमति दी जा सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोरोना जिस तरह फैल रहा है, उसने विश्वभर के हेल्थ एक्सपर्ट्स और सरकारों को और ज्यादा सतर्क कर दिया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक दृष्टि से देखें तो अभी ये मंहगा जरूर लगता है लेकिन भारतवासियों की जिंदगी के आगे इसकी कोई तुलना नहीं हो सकती। सीमित संसाधनों के बीच, भारत जिस मार्ग पर चला है, उस मार्ग की चर्चा आज दुनियाभर में हो रही है।
सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, जब हमारे यहां कोरोना वायरस के सिर्फ 550 केस थे, तभी भारत ने 21 दिन के संपूर्ण लॉकडाउन का एक बड़ा कदम उठा लिया था। भारत ने समस्या बढ़ने का इंतजार नहीं किया, बल्कि जैसे ही समस्या दिखी, उसे तेजी से फैसले लेकर उसी समय रोकने का प्रयास किया जिससे भारत आज बहुत संभली हुई स्थिति में है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से सात बातों पर साथ भी मांगा हैं। वे सात बातें हैं-
पहली बात- अपने घर के बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
दूसरी बात- लॉकडाउन और सुरक्षित दूरी की लक्ष्मण रेखा का पूरी तरह पालन करें।
तीसरी बात- अपनी इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए, आयुष मंत्रालय द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
चौथी बात- कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने में मदद करने के लिए आरोग्य सेतु मोबाइल ऐप डाउनलोड करें।
पांचवी बात- जितना हो सके उतने गरीब परिवार की देखरेख करें, उनके भोजन की आवश्यकता पूरी करें।
छठी बात- आप अपने व्यवसाय में साथ काम करने वाले लोगों को नौकरी से न निकालें।
सातवीं बात- देश के कोरोना योद्धाओं, हमारे डॉक्टर- नर्सेस, सफाई कर्मी, पुलिसकर्मी इन सभी का पूरा सम्मान करें।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*