सोपोर में आतंकी हमला, 3 जवान शहीद, 2 घायल

बारामुला। जिले के सोपोर में शनिवार शाम आतंकियों ने सुरक्षाबलों के एक दल पर हमला कर दिया। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए। इस दौरान सीआरपीएफ के एक ड्राइवर सहित दो जवान भी गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में पहुंचाया गया है। हमला करने वाले आतंकी फरार हो गए है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर धर-पकड़ के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
शहीद जवानों की पहचान सीआरपीएफ की 179 बटालियन के हेड कांस्टेबल राजीव शर्मा, सिपाही खराडेय और सिपाही सतपाल के रूप में हुई है। जबकि घायलों में हेड कांस्टेबल एमसी घोष तथा सिपाही वाहन चालक जावेद निवासी कश्मीर शामिल हैं।
शनिवार को जिले के सोपोर अंतर्गत नूरबाग इलाके में बाबा क्रासिंग के पास सीआरपीएफ और पुलिस का संयुक्त दल ड्यूटी पर तैनात था, तभी आतंकियों ने घात लगाकर सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया। आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं और फरार हो गए। इस हमले में सीआरपीएफ के पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य साथी घायल को तुरंत उपजिला अस्पताल सोपोर पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही दो जवानों ने दम तोड़ दिया जबकि एक जवान ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं अस्पताल में एक सीआरपीएफ वाहन के चालक सहित दो जवानों का उपचार जारी है।
डीजीपी (पुलिस) दिलबाग सिंह ने सोपोर हमले की जानकारी देते हुए बताया है कि इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए हैं। जबकि दो जवान घायल हैं। ये सुरक्षाकर्मी रोजाना की तरह सोपोर कस्बे की मुख्य सड़क पर मयवाहन ड्यूटी दे रहे थे। आतंकियों को शायद इस बारे में पता था और उन्होंने पूरी योजना के साथ इस हमले को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि आतंकियों की धर-पकड़ के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। सेना, सीआरपीएफ और पुलिस के एसओजी के जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर रखी है।

admin
About admin 3420 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*