समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं शिक्षक: डॉ मंजू गोयल

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कोरोना वायरस (कोविड-19) और लॉकडाउन से लगातार लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। लेकिन इन परिस्थितियों में भी तमाम लोग लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्हीं में से एक हैं- शम्भु दयाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजियाबाद की प्राचार्य डॉ मंजू गोयल। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि चुनौती निश्चित ही बहुत बड़ी है। साधन सीमित हैं, परन्तु सामूहिक व समन्वित प्रयासों के समक्ष बड़ी से बड़ी चुनौती भी ज्यादा नहीं ठहर सकती। हम सभी इसके साक्षी होंगे।
उन्होंने कहा कि शम्भु दयाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य द्वारा राष्ट्रीय आपदा की इस घड़ी में जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने सभी दायित्वों का भलीभांति निर्वहन किया जा रहा है। सभी शिक्षक साथी समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सभी छात्र इस अवधि में ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से अध्ययनरत हैं। एनसीसी के सभी कैडेट्स भी प्रशासन के साथ निरंतर जन-सेवा में लगे हुए हैं।
डॉ मंजू गोयल ने बताया कि देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा करने के उपरांत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 अप्रैल को लॉकडाउन- 2 की घोषणा करते हुए इसे 3 मई तक की अवधि के लिये बढ़ा दिया था। लॉकडाउन की अवधि में सर्वप्रथम कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये जागरुकता लाने व जरूरतमंदों तक हर संभव मदद पहुंचाने की आवश्यकता थी। साथ ही, विद्यार्थियों का शिक्षण कार्य भी सुचारु बनाये रखना था।
डॉ. मंजू गोयल ने राष्ट्रीय जनमोर्चा के सभी प्रबुद्ध पाठकों से अपील की है कि आप लोग आरोग्य सेतु अवश्य डाउनलोड करें और लॉकडाउन का पालन करें। साथ ही लोगों से करवाएं भी। क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन उसके परिवार व देश के लिए अनमोल है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*