नई दिल्ली। देश में लागू लॉकडाउन का असर दिखने लगा है। लॉकडाउन पार्ट-2 के कारण पूर्वोत्तर राज्यों सहित देश के 12 राज्य व केन्द्र शासित प्रदेश रेड जोन से बाहर हैं। हालांकि इनमें से कुछ राज्य के कुछ जिले ऑरेंज जोन में हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी जिलों के नए वर्गीकरण के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम, गोवा, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, पुदुचेरी में एक भी जिला रेड जोन में नहीं है। वहीं दादरा नगर हवेली, दमन दीव और लक्षद्वीप में कोरोना का एक भी मामला सामने नहीं आया है, लिहाजा यह केन्द्र शासित प्रदेश पहले से ही कोरोना मुक्त रहे हैं।
देश में अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर, मिजोरम और नागालैंड कोरोना मुक्त हो चुके हैं। बाकी 7 राज्य व केन्द्र शासित प्रदेश कोरोना मुक्त होने के कगार पर हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रेड जोन, ऑरेंज और ग्रीन जोन की सूची के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कुल 75 जिलों में से 19 रेड जोन में है और 36 ऑरेंज जोन में। देश में सबसे ज्यादा रेड जोन जिले यूपी में ही है।
कोरोना संक्रमण केन्द्र बने महाराष्ट्र में 14 जिले रेड जोन में हैं। दिल्ली के सभी 11 जिले रेड जोन में है। डबल डिजिट की सूची में तमिलनाडु के 12 जिले और पश्चिम बंगाल के 10 जिले रेड जोन में शामिल हैं। वहीं अंडमान व निकोबार, चंढीगढ़, छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड में एक-एक जिले रेड जोन में है।
उल्लेखनीय है कि देश में 733 जिलों में से 130 जिले रेड जोन में हैं, 284 जिले ऑरेंज जोन में हैं और 319 जिले ग्रीन जोन में हैं।


Leave a Reply