राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कोरोना वायरस के मद्देनजर लॉकडाउन के सफल क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी डॉ अजय शंकर पांडेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हॉस्टस्टॉप और सील किए गए क्षेत्रों तथा पीडीएस वितरण केन्द्रों का निरीक्षण किया।
शुक्रवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पीडीएस स्कीम के तहत अनाज/राशन वितरण करने वाली दुकानों पर भी डीएम और एसएसपी ने जाकर स्थिति का जायजा लिया। वहां मौजूद लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखने, मास्क आवश्यक रूप से लगाने तथा ग्लब्स यूज़ करने हेतु बताया। लॉकडाउन में हो रही लोगों की परेशानियों के बारे में भी अधिकारियों ने जाना। वहीं जनपद के आठ हॉस्टस्टॉप सेंटरों को डी-सील किया गया है। इन क्षेत्रों में पिछले 28 दिनों के बाद एक भी संक्रमण का मामला नहीं आया था। जिसके चलते इनके डी-सीलिंग की कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार डीएम और एसएसपी ने शुक्रवार को खुद मौके पर पहुंचकर थाना सिहानी गेट क्षेत्रांतर्गत कोरोना संक्रमण के कारण सील की गई SCC Sapphire सोसाइटी को डी-सीलिंग की कार्यवाही की गई। सोसाइटी में रहने वाले लोगों में उत्साह दिखा। अधिकारियों द्वारा मौके पर उपस्थित सोसाइटी में निवास करने वाले लोगों को बधाई दी और उनसे लॉकडाउन के प्रोटोकॉल का अनुपालन करने के लिए कहा। इसके साथ ही एसएसपी नैथानी ने सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों से लॉकडाउन का पूर्णरूपेण पालन कराने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं।


Leave a Reply