मध्य प्रदेश में कोरोना से 148 लोगों की मौत, 2753 संक्रमित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
भोपाल। मध्य प्रदेश में तमाम प्रयासों के बावजूद कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इंदौर में कोरोना के 32 नये मामले सामने आए हैं, जबकि दो लोगों की मौत हो गई है। मंदसौर में भी कोरोना के छह नए मरीज मिले हैं और एक व्यक्ति की मौत हुई है। इन सभी को मिलाकर प्रदेश में अब संक्रमितों की संख्या बढ़क 2753 हो गई है और प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 148 पहुंच गई है।
इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. प्रवीण जडिय़ा ने शनिवार को बताया कि एमजीएम मेडिकल कालेज द्वारा शुक्रवार की देर रात 507 सेम्पलों की जांच रिपोर्ट जारी की गई, जिनमें 453 रिपोर्ट निगेटिव आई हैं, जबकि 32 रिपोर्ट पॉजिटिव हैं। इसके अलावा रिपोर्ट में दो लोगों की कोरोना से मौत की भी पुष्टि हुई है। इन नये मामलों को मिलाकर अब इंदौर में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 1545 हो गई है, जबकि इंदौर में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 74 पर पहुंच गई है।
मंदसौर में भी शुक्रवार की देर रात छह मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। मंदसौर सीएमएचओ डाॅ महेश मालवीय ने शनिवार को इसकी पुष्टि की है। नये मामलों को मिलाकर अब जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 35 हो गई है। जबकि शुक्रवार की रात कोरोना से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जिसे लेकर यहां अब तक कोरोना से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। नये मरीजों की कान्टेक्ट हिस्ट्री की जानकारी जुटाई जा रही है और उनके रहवासी क्षेत्रों को सील कर दिया गया है।
इंदौर और मंदसौर के नये कोरोना पॉजिटिव मरीजों को मिलाकर अब प्रदेश में कोरोना के कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 2743 हो गई है। इनमें सबसे अधिक इंदौर में 1545, भोपाल 526, उज्जैन 147, खरगौन 73, धार 49, खंडवा 46, जबलपुर 87, रायसेन 57, होशंगाबाद 35, बड़वानी 24, देवास 26, मुरैना 14, विदिशा 13, रतलाम 16, मंदसौर 35, आगरमालवा 12, शाजापुर 07, सागर 05, ग्वालियर 05, श्योपुर 04, छिंदवाड़ा 05, अलीराजपुर 03, शिवपुरी 02, टीमकगढ़ 02, बैतूल 01, डिंडौरी 01, हरदा 03, बुरहानपुर 01, अशोकनगर 01, शहडोल 02, रीवा 02, अनूपपुर 02 तथा अन्य राज्य के दो मरीज शामिल हैं।
तीन लोगों की मौत के बाद प्रदेश में कोरोना से अब तक 148 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में इंदौर के सबसे अधिक 74, भोपाल 15, उज्जैन 25, खरगौन 07, देवास 07, धार, 01, जबलपुर 01, खंडवा 06, रायसेन 02, छिंदवाड़ा 01, मंदसौर 03, होशंगाबाद 03, अशोकनगर 01, आगर मालवा 01 और शाजापुर का एक व्यक्ति शामिल है। वहीं, राहत की खबर यह है कि राज्य में अब तक 524 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। दूसरी बार उनकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है और वे अपने घर पहुंच चुके हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*