शहीद कर्नल आशुतोष शर्मा का मंगलवार की सुबह होगा अंतिम संस्कार

जयपुर। जम्मू कश्मीर के हंदवाड़ा एनकाउंटर में शहीद हुए सेना की 21 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आशुतोष शर्मा का पार्थिव शरीर सोमवार दोपहर बाद यहां जयपुर पहुंचा। जयपुर एयरपोर्ट पर श्रद्धांजलि देने के बाद आर्मी के आला अधिकारी ने पार्थिव देह को फूलों से सजे ट्रक में सम्मान सहित सीधे आर्मी अस्पताल ले गए। शहीद कर्नल को मंगलवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
सोमवार को शहीद कर्नल आशुतोष शर्मा का पार्थिव शरीर वायु सेना के विशेष विमान से शाम साढ़े तीन बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा। एयरपोर्ट पर शव लेने के लिए शहीद कर्नल आशुतोष शर्मा की पत्नी पल्लवी, बेटी तमन्ना, भाई पीयूष और मां भी आई हुई थीं। करीब 10 गाड़ियों के काफिले के साथ शर्मा का प्रार्थिव शरीर फूलों से सजे ट्रक में आर्मी अस्पताल ले जाया गया। वहां सेना के तमाम अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सेना के प्रवक्ता कर्नल संबित घोष ने बताया कि शहीद कर्नल आशुतोष शर्मा का अंतिम संस्कार मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे अजमेर रोड स्थित मुक्तिधाम में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। शहीद की अंतिम विदाई में आर्मी के सैन्य अधिकारी एवं मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास मौजूद रहेंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*