असम में भूस्खलन से 20 लोगों की मौत, कई घायल

दिसपुर। असम के कई इलाकों में भूस्खलन से 20 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि ज्यादातर मृतक दक्षिणी असम के तीन अलग-अलग जिलों से हैं। भूस्‍खलन की घटनाएं दक्षिणी असम के बराक घाटी क्षेत्र में हुई है। इस क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है।
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनवाल ने ट्वीट कर दुख जातते हुए कहा, ‘बराक घाटी में लगातार बारिश से भूस्खलन के कारण हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख हुआ। मैंने कछार, हैलाकांडी और करीमगंज जिला प्रशासन और एसडीआरएफ को निर्देश दिया है कि वे बचाव, राहत अभियान चलाएं और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद की सुविधा प्रदान करें।’
कछार जिले में सात, हैलाकांडी जिले में सात और करीमगंज जिले में 6 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा भूस्‍खलन में कई लोग घायल भी बताए जा रहा हैं। प्रशासन ने बचाव दलों को घटनास्थल वाली जगहों पर भेज दिया गया है। इन इलाकों में बारिश के कारण हर साल भूस्खलन की घटनाएं होती रही हैं।
उल्लेखनीय है कि असम के कुछ हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। इससे 21 जिलों के कुल 10 लाख लोग प्रभावित हैं। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बाढ़ के हालात हैं। ऐसे में कई इलाकों से संपर्क टूट गया है। पता करना मुश्किल है कि इन इलाकों में लोग किन हालातों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ी हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*