गाजियाबाद: बिच्छल गेट के सामने डाले जा रहे कूड़े को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। विजयनगर के वार्ड नंबर-3 स्थित बिच्छल गेट के सामने चांदमारी मैदान (मिलिट्री ग्राउंड) में कूड़े का अंबार लगा है। करीब एक साल से आसपास का कूड़ा भी लाकर यहां डाल दिया जाता है। गंदगी और बदबू से स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है। आखिरकार बुधवार की सुबह तंग आकर बड़ी संख्या में लोगों ने यहां डाले जा रहे कूड़े का जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय निवासी और समाजसेवी जिले सिंह नागर ने राष्ट्रीय जनमोर्चा से बताया कि नगर निगम द्वारा भी मिलिट्री ग्राउंड में कूड़ा लाकर डाल दिया जाता है। कई बार इसका विरोध किया गया। लोगों ने अपनी परेशानी बताई, लेकिन हमेशा अनदेखी की जाती रही है। पूरे क्षेत्र में गंदगी का अंबार लगा है और कूड़े से उठ रही बदबू से लोगों का यहां रहना मुश्किल हो चुका है।
हैरानी होती है कि एक तरफ जहां जिला प्रशासन कोरोना संकट काल में पूरे जिले में साफ-सफाई का दावा करता है, वहीं विजयनगर का यह क्षेत्र गंदगी से अटा पड़ा है। लोग एक तरफ माहमारी से परेशान हैं और उससे निजात पाने के लिए लड़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ विजयनगर के मिलिट्री ग्राउंड में नगर निगम की गाड़ियां भी कूड़ा लाकर डाल जाती हैं। इससे तो यहां और बीमारी फैलने की आशंका बढ़ जाती है। आवारा पशु अलग से यहां घूमते रहते हैं। कई बार आने-जाने वालों पर ये पशु हमला कर चुके हैं। बच्चे में कूड़े की बदबू से परेशान होकर ठीक से खाना नहीं खा पाते।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों से भी इस संबंध में कई बार शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई ध्यान नहीं दिया गया। आज उसी से परेशान होकर लोग यहां इस कूड़े के विरोध में प्रदर्शन करने के लिए एकत्रित हुए हैं। लोगों का कहना है कि बारिश होने से यहां और ज्यादा गंदगी फैल जाती है। जिससे कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। आज के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिले सिंह नागर ने बताया कि अब वे चुप नहीं बैठने वाले हैं। इसे मामले को लेकर वह डीएम को ज्ञापन देंगे और मंत्री अतुल गर्ग से भी इसकी शिकायत करेंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*