राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। भ्रष्टाचार मुक्त भारत को समर्पित एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इण्डिया ने देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस पर बहुभाषीय न्यूज एजेंसी ‘हिन्दुस्थान समाचार’ के वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन को भारत गौरव सम्मान से नवाजा है। शनिवार, 15 अगस्त 2020 को बुलंदशहर रोड स्थित इंडिस्ट्रीयल एरिया गाजियाबाद में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहले तिरंगा फहराया गया। उसके बाद इस महान पर्व पर संस्था द्वारा कई कोरोना योद्धाओं- स्वास्थ्यकर्मियों, लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारों और पुलिस अधिकारियों को फूल-माला, प्रसंशित पत्र व तिरंगा से सुशोभित अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इण्डिया को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारतीय पत्रकारिता का बेहद गौरवशाली और गरिमामयी इतिहास रहा है। देश की आजादी के आंदोलन में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के इस कठिन समय में आज मीडिया के लिए कार्य करना और चुनौतीपूर्ण हो गया है।
एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इण्डिया के उत्तर प्रदेश चेयरमैन मुकुल शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी की इस राष्ट्रीय आपदा के समय में जिस प्रकार से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया के द्वारा जान पर खेलकर लोगों के बीच जाकर पत्रकार अपना धर्म और कर्म निभा रहे हैं, वह सराहनीय है। क्योंकि प्रशासन, चिकित्सा और सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ पत्रकार बंधु भी कोरोना के इस छद्म युद्ध में विजेता की तरह आगे आये हैं। इसलिए यह समाज की भी जिम्मेदारी है कि वह कलम के इन सिपाहियों का हौसला और ऊर्जा निरंतर बढ़ाएं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में ऋषभ अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, राकेश स्वामी, जितेन्द्र कुमार, ललित चोपड़ा, राजीव शर्मा, रामानंद सिंह, नवीन वर्मा, अशोक कुमार, मोहिंदर डेंग के अलावा कई अन्य पत्रकार व समाजसेवी उपस्थित रहे।


Leave a Reply