राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पासवान को दी अंतिम विदाई

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों ने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) संस्थापक व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
पासवान का पार्थिव शरीर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से शुक्रवार की सुबह जनपथ स्थित उनके आधिकारिक आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लाया गया। यहां राष्ट्रपति कोविंद ने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पासवान के परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में ढांढस भी बंधाया।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मोदी ने दिवंगत नेता के आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र चढ़ाया और उन्हें अंतिम विदाई दी। मोदी ने पासवान के पुत्र व लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान, उनकी पत्नी रीना व पुत्री को भी ढांढस बंधाया। उन्होंने चिराग के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें सांत्वना दी और दु:ख की इस घड़ी में परिवार, पार्टी की जिम्मेदारी संभालने का हौंसला दिया।
मोदी के अलावा केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, डॉ हर्षवर्धन समेत तमाम केंद्रीय मंत्रियों ने अपने दिवंगत साथी को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा, महासचिव (संगठन) बीएल सन्तोष समेत कई अन्य नेताओं ने भी पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उल्लेखनीय है कि पासवान का 75 वर्ष की आयु में गुरुवार रात निधन हो गया था। वह पिछले कुछ दिनों से यहां एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती थे, हाल ही में उनके दिल का ऑपरेशन हुआ था। पासवान केंद्र की मोदी सरकार में लोक वितरण, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री थे। पांच जुलाई 1946 को बिहार के खगड़िया में उनका जन्म हुआ था। वह 8 आठ बार लोकसभा के सदस्य और केंद्र सरकार में विभिन्न मंत्रालयों के मंत्री रहे। मौजूदा समय मे वह राज्यसभा के सदस्य और लोक वितरण, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री थे।

admin
About admin 3420 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*