पत्रकार को एक्टिविस्ट नहीं, फैक्टिविस्ट बनना चाहिए : प्रो. केजी सुरेश

भोपाल। समाज की तरह आज मीडिया भी संक्रमण काल से गुजर रहा है। इसके साथ ही दुनिया में फेक कंटेंट के खिलाफ एक युद्ध चल रहा है, हमें प्रयास करना है कि इस युद्ध में सत्य की जीत हो। इसके लिए एक पत्रकार को एक्टिविस्ट नहीं, फैक्टिविस्ट बनना चाहिए। पत्रकारिता के क्षेत्र में रचनात्मकता और नवाचार का बहुत महत्व है। यह विचार आज सोमवार को माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वचविद्यालय के तीन दिवसीय सत्रारंभ-2020 के उद्घाटन सत्र में कुलपति प्रो. केजी सुरेश ने व्यक्त किए। वहीं, मुख्य अतिथि स्वामी धर्मबंधु ने विद्यार्थियों से कहा कि सोचने और सीखने की प्रक्रिया जीवन भर चलती रहनी चाहिए। सपने देखें और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। यह बातें हमें आगे ले जाती हैं।
सत्रारंभ के मुख्य अतिथि एवं श्री वैदिक मिशन ट्रस्ट, राजकोट के संस्थापक स्वामी धर्मबंधु ने ‘युवा शक्ति और भारत का भविष्य’ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि यदि हम कुछ बातों का अपने जीवन में पालन करेंगे तो न केवल व्यक्तिगत स्तर पर उन्नत होंगे बल्कि हमारा देश भी उन्नति करेगा। स्वामी धर्मबंधु ने कहा कि हमें अपने संविधान के प्रति आदर का भाव रखना चाहिए। संविधान को जीवन में सर्वोच्च स्थान पर रखना चाहिए। हमें अपने राष्ट्र से प्रेम करना चाहिए। हमें अपने राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रीय चिह्नों एवं राष्ट्रीय संस्कृति के प्रति सम्मान करना चाहिए।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. केजी सुरेश ने कहा कि आज हम सूचनाओं की अधिकता के दौर से गुजर रहे हैं। हमारे आसपास सूचना का प्रलय है। ऐसे में पत्रकारों के लिए आवश्यक है कि वे सत्यपरक और साक्ष्य आधारित पत्रकारिता करें।
सत्रारंभ में आज इन विषयों पर होंगे व्याख्यान
सत्रारंभ में दूसरे दिन मंगलवार, 27 अक्टूबर को सुबह 10.00 बजे ‘पत्रकारिता की लक्ष्मणरेखा’ जैसे सामयिक विषय पर पद्मश्री से अलंकृत वरिष्ठ पत्रकार आलोक मेहता, दोपहर 1.00 बजे से ‘न्यू मीडिया: अवसर एवं चुनौतियां’ विषय रिलायंस इंडस्ट्रीज के मीडिया निदेशक एवं अध्यक्ष उमेश उपाध्याय और दोपहर 2.00 बजे ‘टेलीविजन समाचारों के बदलते प्रतिमान’ विषय पर वरिष्ठ संपादक अशोक श्रीवास्तव विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। वहीं, ‘कोविड उपरांत व्यवसाय के लिए जनसंपर्क वैक्सीन’ जैसे महत्वपूर्ण एवं सामयिक विषय पर डॉ. नवनीत आनंद अपराह्न 3:30 बजे विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*