इसरो ने PSLV-C49 से 10 उपग्रहों को सफलतापूर्वक किया लॉन्च

श्रीहरिकोटा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने आज एक बार फिर इतिहास रचा। शनिवार को इसरो ने एकसाथ 10 उपग्रहों को लॉन्च किया। इनमें से एक भारत का सेटेलाइट है, जिसे पीएसएलवी-सी49 के जरिए लॉन्च किया गया है। आज की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर कहा है, पीएसएलवी-सी49/इओएस-01 मिशन के सफल परीक्षण के लिए इसरो और उनकी टीम को बधाई। कोरोना काल में हमारे वैज्ञानिकों ने डेडलाइन का पालन किया और तय समय में पीएसएलवी को लॉन्च कर दिखाया है।
पीएसएलवी-सी49 रॉकेट को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। वैज्ञानिकों ने पीएसएलवी-सी49 के माध्यम से 10 उपग्रहों को कक्षा में प्रक्षेपण करने में कामयाबी हासिल की है। भारतीय पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ईओएस-01 सहित नौ अन्य विदेशी उपग्रहों को कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित किया गया है। भारतीय उपग्रह ईओएस-01 कृषि और प्राकृतिक आपदाओं व जलवायु का अध्ययन करेगा।
इसरो के अध्यक्ष शिवन ने पीएसएलवी-सी49 लॉन्च की सफलता की सराहना की। उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी, जिन्होंने इस प्रयोग को सफल बनाया।
उल्लेखनीय है कि पीएसएलवी-सी49 लॉन्च में 10 मिनट की देरी हुई थी। रॉकेट लॉन्च की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थीं लेकिन भारी बारिश के कारण लॉन्च में देरी हुई। वैज्ञानिकों की दोपहर 3:02 बजे लॉन्च करने की योजना बनाई थी, जिसे दस मिनट देर से 3:12 बजे लॉन्च किया गया। अगले महीने दिसंबर में इसरो जीएसएटी-12आर कम्युनिकेशन सैटेलाइट लॉन्च करने की योजना बना रहा है। इसे पीएसएलवी-सी50 रॉकेट के जरिए लॉन्च किया जाएगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*