मध्य प्रदेश विस उप चुनाव में भी खिला कमल

भोपाल। मध्‍य प्रदेश विधानसभा उप चुनावों के परिणाम अब लगभग तय हो गए हैं। दोपहर तीन बजे तक आए सभी 28 विधान विधानसभा सीटों के परिणामों के मद्देनजर कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष एवं पूर्व मुख्‍यमंत्री कमलनाथ ने अपनी हार स्‍वीकार कर ली है।
उन्‍होंने मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय से निकलते वक्‍त जो बातें मीडिया के बीच कहीं, उससे स्‍पष्‍ट हो गया कि कमलनाथ ने अपनी पार्टी की हार स्‍वीकार कर ली है। कमलनाथ ने कहा, ”उप चुनाव में बिकाऊ नहीं, टिकाऊ चाहिए का कांग्रेस का नारा काम नहीं आया। जो सीटें हाथ से निकलती दिखाई दे रही हैं, वहां नए सिरे से मेहनत की जाएगी।” इस दौरान उन्‍होंने यह भी कहा कि अभी परिणाम पूरे आ जाने दीजिए। हम जनादेश का सम्मान करेंगे। इसके बाद वे कार्यालय से अपने निवास के लिए रवाना हो गए।
उल्‍लेखनीय है कि 28 सीटों पर काउंटिंग पर नजर रखने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा सुबह 9 बजे प्रदेश कार्यालय पहुंच गए थे। कमलनाथ के साथ उनके बेटे एवं सांसद नकुलनाथ भी थे। कमलनाथ दोनों नेताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष के चेंबर में करीब चार घंटे तक रहे। इस दौरान वे किसी और से नहीं मिले। तीन राउंड की काउंटिंग पूरी होने के बाद जैसे ही बीजेपी को 20 सीटों पर बढ़त मिली, कमलनाथ ने दफ्तर छोड़ दिया। वह अपने निवास पर चले गए।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*