गाजियाबाद: भाजपा विधायक के मामा नरेश त्यागी की हत्या की साजिश बड़े भांजे ने ही रची

गाजियाबाद। मुरादनगर के भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। साथ ही हत्या कांड में शामिल दो शार्प शूटरों व हथियार उपलब्ध कराने वाले शख्स को थाना सिहानी गेट पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक नरेश त्यागी की हत्या की साजिश उनके बड़े भांजे व उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी के विधायक के बड़े पुत्र गिरीश त्यागी व हिन्दू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र त्यागी ने रची थी। हत्या का कारण पूर्व मंत्री के छोटे बेटे विधायक अजीत पाल त्यागी के साथ विवाद होना है । पुलिस ने आरोपितों के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचे व स्कूटी बरामद कर ली है।
शुक्रवार को एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि 9 अक्टूबर की सुबह 5:45 बजे स्कूटी सवार दो बदमाशों ने मुरादनगर के विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश पाल त्यागी की लोहिया नगर पार्क के पास उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह मॉर्निंग वॉक पर जा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने 500 से अधिक मोबाइल फोन और सीसीटीवी को खंगाला। उसके बाद मुरादनगर निवासी इस मामले के मुख्य आरोपित जितेंद्र त्यागी का सुराग मिला। पुलिस ने 18 नवम्बर को जितेंद्र त्यागी को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ के आधार पर शार्प शूटरों की तलाश की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैथानी के अनुसार सौदा रोड मोदीनगर निवासी विपिन शर्मा और खुशहाल बुलंदशहर निवासी अर्पण चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो इन दोनों शार्प शूटरों ने भी अपना-अपना गुनाह कबूल कर लिया। इन दोनों आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने सिद्धिक नगर निवासी मनोज को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया तीनों से पूछताछ के बाद पता चला कि उन्हें जितेंद्र त्यागी ने दो लाख रुपये में नरेश त्यागी की हत्या करने की सुपारी दी थी। 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे, जबकि बाकी बची रकम काम होने के बाद लखनऊ में देने की बात तय हुई थी । इसके बाद 9 अक्टूबर की सुबह घटना को अंजाम दे दिया गया था। पुलिस ने आरोपितों के पास से 50 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है। बाकी की रकम उन्होंने खर्च कर दी। आगे की जांच जारी है।

admin
About admin 3420 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*