प्रधानमंत्री आज कर सकते हैं किसान नेताओं से बातचीत

नई दिल्ली। नये कृषि कानूनों को लेकर आंदोलनरत किसानों के साथ आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद ही बातचीत कर सकते हैं। इससे पहले आज उन्होंने एक अहम बैठक बुलाई। बैठक में किसानों की मांग और उन बिंदुओं पर चर्चा की गई जिस पर किसान संगठनों और सरकार के बीच सहमति बनी है। सात लोक कल्याण मार्ग पर हुई इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल शामिल रहे। तकरीबन दो घंटे चली बैठक में किसानों की मांगों पर बिंदुवार विचार किया गया। दोपहर दो बजे किसानों और सरकार के बीच वार्ता से पहले प्रधानमंत्री की अगुवाई में हुई इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक के बाद कृषि मंत्री तोमर ने उम्मीद जताई कि किसान आंदोलन का रास्ता छोड़ेंगे और सकारात्मक दिशा में सोचेंगे। बैठक में प्रधानमंत्री ने इस बात के संकेत दिए कि अगर जरूरत पड़ी तो वह स्वयं किसान संगठनों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। उधर, किसान संयुक्त मोर्चा के प्रधान रामपाल सिंह ने कहा कि आज आर-पार की लड़ाई करके आएंगे, रोज-रोज बैठक नहीं होगी। आज बैठक में कोई और बात नहीं होगी, कानूनों को रद्द करने के लिए ही बात होगी। अगर आज हल नहीं निकलता तो 8 दिसम्बर को भारत बंद करेंगे।

admin
About admin 3420 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*