देश में भारत बंद का मिला-जुला असर, गृह मंत्री ने कुछेक किसान नेताओं को बातचीत को बुलाया

नई दिल्ली। कृषि कानूनों के विरोध में मंगलवार को भारत बंद के दौरान देश के तमाम राज्यों में किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक कई राज्यों में चक्का जाम रहा। अलग-अलग प्रदेशों में भारत बंद का मिला-जुला असर दिखने को मिला। उधर दोपहर बाद तीन बजे जैसे ही भारत बंद की मियाद खत्म हुई, आंदोलन से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मंगलवार की शाम 7 बजे किसान नेताओं से मुलाकात करने को कहा है। भारतीय किसान यूनियन के राकेश टिकैत ने बताया है कि यह मुलाकात तब हो रही है, जब बुधवार यानी कल किसान नेताओं और सरकार के बीच छठे दौर की बातचीत होनी है।
फिलहाल, देश में उग्र प्रदर्शनकारियों ने कुछेक चौक-चौराहों पर आगजनी कर यातायात जाम किया और उनकी पुलिस से झड़प भी हुई। किसानों के समर्थन में देश के कई बड़े राजनीतिक दल भी सडक़ों पर उतरे और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। खासकर दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में कृषि कानून के खिलाफ किसानों का आंदोलन देखने को मिला।
दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर जाम रहा, एक्सप्रेस-वे पर प्रदर्शन किया गया। दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर भी किसानों का जमावड़ा लगा रहा। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पूरी तरह से बंद किया गया था। पंजाब के कई सांसद मंगलवार को दिल्ली पहुंचे, किसानों के भारत बंद का समर्थन किया। दिल्ली के टिकरी बॉर्डर पर भी किसान जुटे रहे और भारत बंद को लेकर सुरक्षा बढ़ा दी गई। दिल्ली में कई जगह युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कई पर पुलिस ने उन्हें दौड़ाया।
कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर के संसदीय क्षेत्र श्योपुर में भी भारत बंद का असर दिखा। किसानों ने बड़ी रैली निकाली। पटना में डाक बंगला चौराहे पर पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हुड़दंग किया। प्रदर्शन के दौरान आम लोगों की गाडिय़ों की छत पर चढक़र हंगामा किया गया। जयपुर में भारत बंद के दौरान कांग्रेस-बीजेपी कार्यकर्ता भिड़ गए। पुलिस ने बीच-बचाव किया। किसानों के बंद के समर्थन में जयपुर में गहलोत सरकार के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह ने भी प्रदर्शन किया। मंत्री ने ट्रैक्टर चलाकर किसानों का साथ दिया।
वहीं मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर किसानों ने जाम लगाया, किसानों ने यहां ट्रैक्टर ट्रॉली को सडक़ पर खड़ा कर दिया।
किसान नेता राकेश टिकैत के मुताबिक, अभी सभी किसान दिल्ली के सिंधु बॉर्डर जा रहे हैं। उसके बाद शाम को सात बजे गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। टिकैत ने बताया कि इस बैठक में 14-15 किसान नेता शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम अपनी मांगों पर अभी भी टिके हैं और गृह मंत्री से उन्हीं मसलों पर बात करेंगे, किसान नेता राकेश टिकैत ने उम्मीद जताई है कि गृह मंत्री के साथ बैठक में कुछ पॉजिटिव निष्कर्ष निकलेगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*