दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल नजरबंद नहीं: दिल्ली पुलिस

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घर में नजरबंद करने के आम आदमी पार्टी के दावे का दिल्ली पुलिस ने खंडन किया है। दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया कि यह महज अफवाह फैलाई जा रही है कि मुख्यमंत्री को घर में नजरबंद किया गया है। यह बात पूरी तरह से झूठ है। मुख्यमंत्री रोजाना की तरह आज भी अपने घर में बैठक कर रहे हैं। वह कहीं भी जाने के लिए पूरी तरह से स्वतंत्र हैं। उनके घर के पास रहने वाले लोग भी अपने क्षेत्र से बाहर निकल रहे हैं और उस क्षेत्र में आने-जाने पर किसी प्रकार की कोई पाबंदी नहीं है।
आज किसान नेताओं के भारत बंद के दौरान दिल्ली में सभी बाजार आम दिनों की तरह खुले हुए हैं। सभी राजनीतिक पार्टियों के दफ्तर भी सामान्य रूप से चल रहे हैं। दिल्ली में किसी भी प्रकार की हिंसा की कहीं से कोई सूचना नहीं है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस की तरफ से जगह-जगह बैरिकेड लगाकर जवानों को तैनात किया गया है। सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी कई जगह तैनात किया गया है। बॉर्डर पर सभी प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे हैं।
पुलिस के विशेष आयुक्त सतीश गोलचा ने कहा है कि दिल्ली में हालात सामान्य हैं। किसी प्रकार की गड़बड़ी कहीं नहीं हो रही है। अगर कहीं कोई गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करता है तो उसके साथ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*