दिवंगत पत्रकार विक्रम जोशी की पत्नी ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। दिवंगत पत्रकार विक्रम जोशी की पत्नी कविता जोशी ने सरकारी नौकरी नहीं दिये जाने के विरोध में आज बुधवार को पत्रकारों की मौजूदगी में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन दिया। उन्होंने ज्ञापन में कहा गया है कि उनके पति विक्रम जोशी दैनिक जनसागर टुडे समाचार पत्र में संवाददाता के पद पर कार्यरत थे। इसी वर्ष 21 जुलाई की रात बेख़ौफ़ बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। दो दिन बाद 23 जुलाई को यशोदा अस्पताल में इलाज के दौरान विक्रम जोशी ने दम तोड़ दिया था। उस समय अस्पताल में पहुंचे जिलाधिकारी गाजियाबाद द्वारा समस्त प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के समक्ष मुख्यमंत्री की ओर से परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने, बच्चों को शिक्षा दिलाने और मुझे योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी देने का एलान किया था।
कविता जोशी ने कहा है कि आर्थिक सहायता व बच्चों को शिक्षा के लिए स्कूल में प्रवेश वाली दो मांगें तो पूरी कर दी गईं लेकिन अभी तक उन्हें सरकारी नौकरी नहीं मिली है। जबकि यह सबसे अहम मांग थी। श्रीमती जोशी का कहना है कि मेरे परिवार के भरण-पोषण के लिए आय का कोई जरिया नहीं है। मैं और मेरे तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका भरण-पोषण करना बहुत मुश्किल हो रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा है कि अब स्वयं आप अपने वादे से मुकर रहे हैं। जब मैंने आपसे मुलाकात कर सरकारी नौकरी दिलाने की गुहार लगाई तो आपने कहा कि सरकारी नौकरी देने की बात नहीं कही थी। यदि चाहो तो प्राइवेट नौकरी दिलाई जा सकती है।आपकी बातों से प्रतीत होता है कि आपके द्वारा उस समय मेरे परिवार को जो भरोसा दिलाया गया था, वो सब झूठ था। इससे में बहुत आहत हूँ।
ज्ञापन में कविता जोशी ने जिलाधिकारी से अनुरोध करते हुए कहा है कि आपने मुख्यमंत्री की ओर से मुझे जो आश्वासन दिया था, उसे पूरा करें। मुझे एक सप्ताह के भीतर सरकारी नौकरी का नियुक्त पत्र दिलाएं। श्रीमती जोशी ने डीएम को चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा कि यदि मुझे नियुक्त पत्र नहीं दिया गया तो मैं अपने मासूम बच्चों के साथ आपके कार्यालय पर धरना देने के लिए मजबूर हो जाऊंगी। उसके बाद भी न्याय नहीं मिलता है तो मैं लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना दूंगी और आपको दिया हुआ वादा याद दिलाऊंगी। तब भी आप लोग अपने वादे से मुकरे तो मैं इससे आगे भी कोई कदम उठाने में पीछे नहीं हटूंगी। जिसकी समस्त जिम्मेदारी आपकी होगी।
जिलाधिकारी को ज्ञापन देने के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अशोक ओझा, एसपी चौहान, अशोक कौशिक, अनुज चौधरी, लोकेश राय, तोसिक कर्दम, ठाकुर पंकज सिंह, सत्येंद्र राघव, सुनील यादव, अजय रावत, मुकेश कर्दम, नरेश सिंघानिया, हरि सिंह, सुनील पवार, संजय मित्तल, प्रवीण अरोड़ा, अली मेहंदी, तेजस चौहान, पंकज राय, ठाकुर चंदन सिंह, नदीम चौधरी, मनोज कुमार, सुरेंद्र भाटी, मुकेश गुप्ता, विकास, जावेद एवं पप्पू नेहरा समेत कई पत्रकार मौजूद थे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*