राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। हिंदी भवन समिति की तरफ से रविवार की शाम कोरोना के कारण जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सीमित श्रोताओं के साथ कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि शहर विधायक एवं उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा राज्य मंत्री अतुल गर्ग ने आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। हिंदी भवन समिति के अध्यक्ष ललित जायसवाल और महासचिव सुभाष गर्ग ने भी विचार रखे। कवि सम्मेलन का संचालन राज कौशिक ने किया और कवि सम्मेलन बेहद सफल रहा।
शायर गोविंद गुलशन के ये शेर खूब पसंद किए गए-
यक़ीन कीजिए किस पर, यक़ीन में क्या है
मुझे पता है मेरी आस्तीन में क्या है
बदल के आना है किरदार के लिए चेहरा
मुझे बताओ जऱा अगले सीन में क्या है
कवयित्री अंजू जैन को इन पंक्तियों पर खूब तालियां मिलीं-
समस्याओं को उलझाएंगे उनका हल नहीं देंगे
ये निश्चित है हमें पथ कोई भी समतल नहीं देंगे
व्यवस्था धूप छाया की सब अपने नाम कर लेंगे
कभी सूरज नहीं देंगे कभी बादल नहीं देंगे
शायर राज कौशिक को इन शेर पर जमकर दाद मिली-
सजे हैं नाचने को सब मगर किस्मत का लेखा है
कहीं घुंघरू नहीं बजते, कहीं आंगन ही टेढ़ा है
कहानी के मुताबिक़ भीड़ दिखती है कऱीब अपने
है वरना रंगमंच ऐसा कि हर किरदार अकेला है
राज कौशिक की ‘पिताजी’ को समर्पित गज़़ल के ये शेर भी खूब पसंद किए गए-
बुरा है जो भी मुझमें कुछ, वो नादानी फकत मेरी
जो अच्छा है, सभी वो गुण पिताजी के बताते हैं सहारा कुछ कभी तंगी में पाया तो लगा ऐसे
पिताजी स्वर्ग में जाकर भी मेरा घर चलाते हैं
शायर अनिमेष शर्मा को इन शेरों पर दाद मिली-
दुनिया भर का जोड़ घटाना छोड़ दिया हमने
चुप रहते हैं शोर मचाना छोड़ दिया हमने
प्यास लगे तो आँसू की शबनम पी लेते हैं
अंगारों से प्यास बुझाना छोड़ दिया हमने
शायरा डॉ तारा गुप्ता की इन पंक्तियों का लोगों ने खूब स्वागत किया-
बीज बोया प्रीति का फिर अंकुरण होने लगा
यूं तो आंखें बंद थीं पर जागरण होने लगा
सीढिय़ां पत्थर की थीं पर मैं चढ़ी तो यूं हुआ
पत्थरों का फूल जैसा आचरण होने लगा
कवयित्री नंदिनी श्रीवास्तव के ये शेर बहुत सराहे गए-
फिर तेरी याद का उजाला है
रात भर हमने दिल संभाला है
तेरी तस्वीर देख कर बहले
हमने क्या रास्ता निकाला है
कवि सम्मेलन में भाजपा नेता पृथ्वी सिंह, पार्षद हिमांशु लव, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष दर्शनानन्द गौड़, रोटरी क्लब ऑफ गाजिय़ाबाद अनन्त के अध्यक्ष आशु बिंदल, राजीव त्यागी राज, प्रमोद शर्मा गोल्डी, राकेश मोहन, सतीश मित्तल, पूर्व पार्षद डॉ नदीम, महेंद्र नागर, एडवोकेट विक्रम चौधरी, संदीप सिंघल आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply