राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
मां श्यामा देवी की स्मृति में श्यामा आई हॉस्पिटल ने नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का किया आयोजन
नई दिल्ली। आंखें हमें कुदरत की अनमोल देन हैं। इन्हीं की बदौलत हम अपने आस-पास की रंगीन दुनिया के खूबसूरत नजारे देख पाते हैं। आंखों की सुरक्षा व इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए मंगलवार को 72वें गणतंत्र दिवस दिवस के अवसर पर मां श्यामा देवी की स्मृति में श्यामा आई हॉस्पिटल ने पूर्वी दिल्ली में नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। शिविर का नेतृत्य वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर हेमेंद्र शर्मा और कैंप का शुभारंभ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने मां श्यामा देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्वलित करने के साथ किया।
26 जनवरी को आयोजित नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा कैंप में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास भी उपस्थित रहे। इस शिविर में तकरीबन 250 नेत्र रोगियों ने नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा का लाभ उठाया। करीब 50 नेत्र रोगियों ने सफेद मोतियाबिंद का रियायती दर पर ऑपरेशन करवाने के लिए पंजीकरण करवाया है, 120 नेत्र रोगियों को फ्री आई ड्रॉप्स का वितरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि श्यामा आई हॉस्पिटल की स्थापना पूर्व विधायक व दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने अपनी मां स्वर्गीय श्यामा देवी की स्मृति में की है। गणतंत्र दिवस के मौके पर चौधरी ने गरीबों को श्यामा आई हॉस्पिटल द्वारा अति आधुनिक चिकित्सा रियायती दर पर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। वहीं नेत्र चिकित्सा शिविर के दौरान डॉ हेमेंद्र शर्मा ने बताया कि अभी तक 28000 नेत्र रोगियों ने आधुनिक चिकित्सा का लाभ श्यामा आई हॉस्पिटल में आकर उठाया है। आसपास के इलाकों में करीब 500 नेत्र चिकित्सा कैंप के माध्यम से 40, 000 जरूरतमंद नेत्र रोगियों को मुफ्त नेत्र चिकित्सा भी उपलब्ध कराई गई है।
राष्ट्रीय जनमोर्चा से शिविर के आयोजक डॉक्टर हेमेंद्र शर्मा ने कहा कि हमारे देश में नेत्रहीनों की बड़ी तादाद है, इनमें से कुछ जन्म से देख नहीं सकते तो कुछ बीमारी, दुर्घटना में आंखों की रोशनी खो चुके हैं। कई बार समय रहते आंखों से जुड़ी समस्या पर ध्यान नहीं देने से भी रोशनी चली जाती है। आंखों की देखभाल और उसकी अहमियत के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ही वह नि:शुल्क शिविरों का आयोजन करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि नेत्रहीनों का दर्द सिर्फ वही समझ सकते हैं, जिनकी आंखें नहीं है। कैंप का मकसद लोगों को यह समझाना है कि आंखें कितनी अनमोल होती हैं, इसलिए इसे लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न करें। आंखों से जुड़ी कोई भी समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लें। डॉ शर्मा ने यह भी बताया कि मंगलवार के शिविर में श्यामा आई हॉस्पिटल के डायरेक्टर मनिंदर चौधरी, डॉ दीपक पंडित, डॉक्टर अंसारी और हॉस्पिटल मैनेजर दीपक राजपूत का सराहनीय योगदान रहा।


Leave a Reply