राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। रिश्ते-नातों का फिर हुआ खून। दो महिलाओं की हत्या से फैली सनसनी। राजधानी दिल्ली से लगे गाजियाबाद शहर की खूनी वारदात। मसूरी थाना क्षेत्र के शताब्दी पुरम स्थित सरस्वती विहार के एक घर में घुसकर दो महिलाओं की हत्या कर दी गई। साथ ही घर में मौजूद तीन बच्चों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने कुछ ही घंटों में एक महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर पूरी घटना का खुलासा कर दिया है।
वारदात शनिवार, 06 फरवरी, 2021 की रात का है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि इस डबल मर्डर मामले में गांव की रिश्तेदार महिला ही मास्टरमाइंड है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका नाम उमा है। उसी ने प्रेमी सोनू के साथ मिलकर इस जघन्य घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद आरोपित सोनू को भी धरदबोचा। उसके पास से एक पिस्टल और दोनों की निशानदेही पर लूट का माल आदि बरामद कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि घटना लूटपाट के इरादे से की गई। आरोपित महिला उमा और बदमाश सोनू को पुलिस ने एक मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपित उमा पत्नी हरीश और सोनू पुत्र लियाकत निवासीगण लाल क्वार्टर थाना सिहानी गेट गाज़ियाबाद के रहने वाले हैं।
जिन दोनों लोगों की हत्या हुई है, उनमें एक महिला डाली (27) और एक किशोरी अंशु (16) शामिल हैं। इनके अलावा तीन बच्चों गौरी (10), मीनाक्षी (7) और मासूम रुद्र को मार-पीटकर घायल कर दिया है। सोनू ने लूटपाट का विरोध करने पर पहले फायर किया था। बाद में चाकू और सिल-बट्टा से प्रहार किया। उसके बाद लाखों के जेवरात लूटकर दोनों फरार हो गए। पास-पड़ोस वालों का पता चला तो वे डाली, अंशु और तीनों बच्चों को अस्पताल ले गए। वहां डाली और अंशु की मौत हो गई, जबकि तीनों बच्चों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है।


Leave a Reply