राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
-वायरल वीडियो में एक युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा है कि अगर किसान आंदोलन खत्म नहीं किया तो वह चौधरी राकेश टिकैत को गोली मार देगा
-पुलिस ने जांच शुरू की
गाजियाबाद। एक सिरफिरे युवक ने अभ्रदता का प्रदर्शन करते हुए एक वीडियो जारी किया है। वायरल वीडियो में युवक ने भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत को गाजीपुर आंदोलन में आकर गोली मारने की धमकी दी है। किसान यूनियन (टिकैत) ने मामले की शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस ने जांच- पड़ताल शुरू कर दी है।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रेस प्रभारी शमशेर राणा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को वायरल वीडियो को भेजते हुए सोमवार को बताया कि गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के मद्देनजर एक युवक जाति विशेष का हवाला देते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। उसने तीनों कृषि कानूनों के विरोध में धरना दे रहे राकेश टिकैत और अन्य किसानों को आंदालेन खत्म करने की धमकी दी है। युवक ने कहा है कि अगर आंदोलन खत्म नहीं हुआ या धरना समाप्त नहीं किया तो वह भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत को आंदोलन में ही आकर गोली मार देगा।
राणा ने बताया कि यह वायरल वीडियो भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों और टिकैत के करीबियों को भेजा गया है। इस सम्बन्ध में पुलिस-प्रशासन को सूचना दे दी गई है और उन्होंने गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी से भी खुद इस मामले को लेकर फोन पर बात की है। वीडियो को साइबर सेल को भेज दिया गया है और जांच शुरू हो गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के सिसौली, मुजफ्फरनगर, शामली और बड़ौत पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस जांच- पड़ताल में लगी है।


Leave a Reply