श्रीरामजन्मभूमि निर्माण निधि संग्रह में पूर्व सांसद आरके सिन्हा ने दिया 01 करोड़ 51लाख

ऋतुराज सिन्हा क्षेत्रीय प्रचारक डॉ. रामदत्त चक्रधर को चेक सौंपते हुए

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
पटना। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण का कार्यक्रम जोर-शोर से चल रहा है। इसके लिए पूरे देश में राम भक्तों के द्वारा धन संग्रह का व्यापक अभियान चलया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा ने श्रीराम जन्मभूमि निर्माण निधि संग्रह में 01 करोड़ 51लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। इस धनराशि का चेक श्री सिन्हा के सुपुत्र ऋतुराज सिन्हा ने प्रदान किया।
सोमवार, 8 फरवरी को ऋतुराज सिन्हा ने बताया कि उनके बाबूजी (आरके सिन्हा) ने समर्पण भाव से धनराशि प्रभु श्रीराम के चरणों में अर्पित किया है। यह संयोग की बात है कि वह खुद किसी कार्य से पटना आ रहा था, अत: बाबूजी ने उन्हें ही श्रीराम जन्मभूमि निर्माण निधि संग्रह में चेक देने को कहा और उन्होंने पटना में क्षेत्रीय प्रचारक डॉ. रामदत्त चक्रधर से मिलकर उन्हें 01 करोड़ 51लाख रुपये की राशि का चेक सौंप दिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यवाह डॅा. मोहन सिंह और सह क्षेत्रीय प्रचारक रामनवमी भी उपस्थित थे।
श्री सिन्हा ने कहा है कि श्रीराम मंदिर का निर्माण कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक नव इतिहास का निर्माण है। जिसके हम सभी साक्षी बन रहे हैं। यह एक असाधारण ऐतिहासिक धरोहर का निर्माण है जो हजारों वर्षों तक सैकड़ों-करोड़ों विश्व भर के भक्तों और पर्यटकों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि यह एक मात्र मंदिर नहीं है। यह राष्ट्र के सांस्कृतिक केन्द्र का निर्माण होने जा रहा है। आज इस देश का हर वशिंदा जिसके वंश में कोई विदेशी रक्त न मिला हो, वह चाहे किसी भी मजहब को मानता हो या किसी को न मानता हो, वह अपने को प्रभु श्रीराम का वंशज कहने का गर्व तो कर ही सकता है। श्री सिन्हा ने लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करते हुए कहा, ‘आइए, हम सभी मिलकर इस महान सांस्कृतिक धरोहर के निर्माण में सहभागी बनें और यथासम्भव दान दें।’

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*