राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
जौनपुर। वाराणसी-लखनऊ नेशनल हाईवे पर मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। एक ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए हैं। हादसा जलालपुर थाना क्षेत्र के लहंगपुर गांव के पास हुआ है। घायलों को जिला अस्पताल और वाराणसी के एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक की हालत गंभीर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना तब हुई जब पिकअप सवार लोग एक बुजुर्ग महिला का वाराणसी में दाह-संस्कार कर के लौट रहे थे। सभी लोग सरायख्वाजा थाना इलाके के जलालपुर गांव के निवासी हैं। दरअसल गांव की एक महिला धनदेई देवी (112) का रविवार को निधन हो गया था। उनके दामाद लक्ष्मीशंकर गांव के लोगों के साथ अंतिम संस्कार के लिए शव वाराणसी ले गए थे। वहां से लौटते समय मंगलवार की भोर में करीब तीन बजे लहंगपुर गांव के पास पिकअप वाहन की गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना स्थल से कुछ दूरी पर मौजूद फूलपुर थाना के औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को बाहर निकालकर पिंडरा और जौनपुर जिला अस्पताल भिजवाया। जिला चिकित्सालय में डीएम और एसपी ने पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना। पिकअप सवार जिन सात लोगों की मौत हो गई, उनमें अमर बहादुर यादव (58) पुत्र मोहन, रामश्रृंगार यादव (38) पुत्र मोखन, मुन्नीलाल यादव पुत्र रामदुलार (38), इंद्रजीत यादव (48), कमला प्रसाद यादव पुत्र रामदवर यादव (60), रामकुमार पुत्र बोधी (65) और समर बहादुर निवासी जलालपुर शामिल हैं। अन्य 10 लोग इस दुर्घटना में घायल हुए हैं।


Leave a Reply