मेरठ में अधाधुंध फायरिंग, बीए की छात्रा की हालत नाजुक

अस्पताल में भर्ती छात्रा

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
मेरठ। पश्चिम उत्तर प्रदेश में आपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।अब तो अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बुधवार की शाम मेरठ शहर के थाना ब्रह्मपुरी इलाके के माधवपुरम में बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें बीए की एक छात्रा गोली लगने से घायल हो गई। पुलिस को यह खुली चुनौती है। छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना 3 मार्च की रात करीब आठ बजे की है। थाना ब्रह्मपुरी इलाके के माधवपुरम में अंकित कौशिक की कॉस्मेटिक की दुकान हथियारों से लैस तीन बदमाश पहुंचे और आते ही फायरिंग करनी शुरू कर दी। भरे बाजार में गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, बदमाश कई राउंड गोलियां चलाकर फरार हो गए। इस दौरान दुकान पर सामान लेने के लिए आई बीए की छात्रा कोमल मिश्रा गोली लगने से घायल हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल ले गई। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
एसएसपी अजय कुमार साहनी ने राष्ट्रीय जनमोर्चा को बताया कि घटना मेरठ के माधवपुरम की है। यहां सेक्टर-1 के बाजार में बुधवार की शाम कुछ बदमाश अंधाधुंध फायरिंग कर फरार हो गए। एक छात्रा गोली लगने से घायल हो गई है। छात्रा का नाम कोमल पुत्री अनिल मिश्रा निवासी एकता पार्क माधवपुरम है। वह दुकान पर सामान खरीदने आई थी, जो पेट में गोली लगने से घायल हो गई। हमलावरों की तलाश की जा रही है। हमलावर किसे निशाना बनाने चाहते थे, इसकी जांच जारी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*