पूर्व टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी भाजपा में शामिल

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। हाल ही में ममता बनर्जी की पार्टी छोड़कर आए पूर्व टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी ने आज शनिवार को जेपी नड्डा की उपस्थिति में बीजेपी ज्वाइन कर लिया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बात की और नड्डा को धन्यवाद भी दिया। त्रिवेदी ने कहा कि यह बात सभी जानते हैं कि उन्हें इस पल का वाकई में इंतजार था। उनके लिए आज यह स्वर्णिम पल है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा कि वहां परिवार की सेवा होती है, जनता की नहीं।
तृणमूल कांग्रेस को अलविदा कहने के बाद पूर्व रेलमंत्री दिनेश त्रिवेदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें अंगवस्त्र देकर पार्टी में विधिवत शामिल कराया। इस मौके पर नड्डा ने त्रिवेदी के भाजपा में शामिल होने की घोषणा करते हुए कहा कि वे एक अच्छे व्यक्ति हैं लेकिन गलत पार्टी में थे। अब एक सही व्यक्ति सही दल में है, जहां उनके अनुभव का लाभ देश को मिलेगा।
शनिवार, 6 मार्च को नड्डा ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि त्रिवेदी ने अवसरवादिता और राज्यसभा की सीट को छोड़कर अपने वैचारिक मूल्यों का सम्मान करते हुए भाजपा की सदस्यता ली है। उनका राजनीति में लंबा अनुभव रहा है, जिसका लाभ संगठन को मिलेगा। त्रिवेदी पश्चिम बंगाल में सक्रिय रहेंगे और राज्य की जनता और संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*