डॉ कमलेश भारद्वाज/ राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। शम्भू दयाल कॉलेज गाजियाबाद के माध्यम से आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों ईकाईयों के कार्यक्रम का आज शुक्रवार को चौथा दिन रहा। आज का शिविर ईश वन्दना से प्रारम्भ हुआ और फिर राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्यगीत गाया गया। उसके बाद स्वयंसेवकों ने एक घण्टे तक प्राणामाम एवं व्यायाम किया।
शिविर के प्रथम सत्र में विचार चर्चा का आयोजन किया गया। लॉकडाउन के समय के अपने अनुभव एवं अपने द्वारा किए गए कार्य पर सभी समूह से दो-दो, तीन-तीन स्वयंसेवकों ने चर्चा की। साथ ही दो दिन किये गए सर्वेक्षण कार्य का सारांश सभी समूहों ने कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नीलम गर्ग को लिखित में प्रदान किया। भोजनावकाश के पश्चात द्वितीय सत्र में एमएमएच कॉलेज गाजियाबाद के हिन्दी विभाग से डॉ बीना शर्मा स्वयंसेवकों के मार्गदर्शन हेतु शिविर में पहुँची। उन्होंने ‘युवा वर्ग का समाज में महत्त्व’ विषय पर विद्यार्थियों को उदबोधित करते हुए कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और कार्य करने की जिजीविषा होती है। अगर उसे सृजन की ओर लगा दिया जाए तो यह अपने आप में अद्भुत है। राष्ट्रीय सेवा योजना इसी तरह का कार्य करती है।
उन्होंने सोशल मीडिया के सदुपयोग पर भी चर्चा की। उनके उदबोधन के पश्चात स्वयंसेवकों ने कुछ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। कल्पना रानी ने अपनी एक स्वरचित कविता सुनाकर सबको बहुत उत्साहित किया। अंत में राष्ट्रगान के पश्चात् चतुर्थ दिवस का शिविर संपन्न हो गया।


Leave a Reply