अंबेश पन्त/राष्ट्रीय जनमोर्चा
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में आज बुधवार को तीरथ सिंह रावत ने शपथ ग्रहण कर ली। उन्हें राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राजभवन में शपथ दिलाई। उनके अलावा नई सरकार में किसी मंत्री ने शपथ नहीं ली है। वहीं इससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक में रावत को नया नेता चुना गया। बैठक में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तराखंड के प्रभारी रमन सिंह, रमेश पोखरियाल के अलावा कार्यवाहक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, दुष्यंत कुमार गौतम, यशपाल आर्य, रेखा आर्य समेत उत्तराखंड से भाजपा के तमाम सांसद और विधायक मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि तीरथ सिंह राष्ट्रीय महासचिव और पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद हैं। छात्र राजनीति से ही सक्रिय रहे हैं। वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय मंत्री भी रहे हैं। राजभवन में आज शाम चार बजे उन्हेांने शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया और शपथ ली। तीरथ सिंह रावत को 2012 के विधानसभा में चुनाव में चौबट्टाखाल सीट से मैदान में उतारा गया, जहां उन्होंने जीत हासिल की। फरवरी 2013 में उन्हें पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी और 2015 में उन्हें प्रदेश की राजनीति से हटाकर राष्ट्रीय महासचिव का दायित्व दे दिया गया। तीरथ सिंह रावत के पिता का नाम कमल सिंह रावत है। उनका जन्म 9 अप्रैल 1964 को ग्राम सीरों, पट्टी असवालस्यूं, पौड़ी गढ़वाल में हुआ। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय से समाज शास्त्र में परास्नातक हैं।
तीरथ सिंह रावत 1983 से 1988 तक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक रहे। उसके बाद अभाविप के संगठन मंत्री और राष्ट्रीय मंत्री, गढ़वाल विवि में छात्र संघ अध्यक्ष व छात्र संघ मोर्चा (उत्तर प्रदेश) में प्रदेश उपाध्यक्ष रहे। भाजयुमो (उत्तर प्रदेश) के प्रदेश उपाध्यक्ष व राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रहे। वर्ष 1997 में पहली बार उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य निर्वाचित हुए। उसके बाद सन 2000 में राज्य गठन के बाद उत्तराखंड की अंतरिम सरकार में शिक्षा राज्य मंत्री का दायित्व संभाला। 2007 में भाजपा के प्रांतीय महामंत्री बने। 2012 के विस चुनाव में चौबट्टाखाल से जीत हासिल की। 2013 में उत्तराखंड दैवीय आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के अध्यक्ष रहे। वर्ष 2013 में ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव थे और अब उत्तराखंड के 10वें मुख्यमंत्री हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि तीरथ सिंह रावत के साथ संगठन और प्रशासन का लम्बा अनुभव है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।


Leave a Reply