जितेन्द्र बच्चन
एसएसपी गाजियाबाद का संभाला कार्यभार
गाजियाबाद। आईपीएस अमित पाठक ने रविवार को एसएसपी गाजियाबाद का पदभार संभाल लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिले में अपराध रोक लगाना उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी। जन शिकायतों की सुनवाई हरहाल में थानों में होगी। इस आदेश का पालन नहीं करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पाठक ने कहा कि साइबर अपराध जिस तरह से बढ़ रहा है, उसके प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। लोगों को यह बताया जाएगा कि वे डिजिटल माध्यम से किसी अजनबी को एक रुपये भी ट्रांसफर न करें।क्योंकि इससे उनकी तमाम जानकारी शेयर हो जाती है और ऐसे में लोग ठगी के शिकार बन जाते हैं।
उल्लेखनीय है कि 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी अमित पाठक वाराणसी एसएसपी के पद पर तैनात थे। वाराणसी के कमिश्नरेट बनने के बाद उन्हें गाजियाबाद एसएसपी बनाया गया है। अमित पाठक डीआईजी रैंक के अधिकारी हैं। उन्हें इसी साल जनवरी में पदोन्नति मिली थी। पाठक अपने तीखे तेवरों के लिए भी जाने जाते हैं। रविवार को उन्होंने कहा कि जनपद में कोविड-19 के सभी नियमों का पालन कराया जाएगा। इसके लिए वे पहले लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाएंगे। तब भी नहीं मानेंगे तो उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मास्क जरूर लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखें। इसके अलावा एसएसपी पाठक ने यातायात नियमों को लेकर भी सख्ती बरतने के मूड में दिखे।


Leave a Reply