बिहार: अररिया में भुट्टा भूनते हुए लगी आग से 6 बच्चे जिंदा जले

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

पटना। राज्य के अररिया जिले से बड़ी खबर आ रही है। पलासी प्रखंड के कवैय्या गांव में मंगलवार दोपहर एक बजे भुट्टा भूनते समय एक घर में आग लग गई। इस घटना में छह बच्चे जिंदा जल गए। आनन-फानन में उन्हें पलासी स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी बच्चों को मृत घोषित कर दिया। उधर एक अन्य घटनाक्रम के तहत अररिया के ही नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में आग लगने से 20 घर खाक हो गए।
सोमवार करीब 12 बजे का वाकया है। कवैय्या गांव के कुछ लोगों ने बताया है कि एक पुआल घर में मकई का भुट्टा (होरहा) भूनने के दौरान आग लग गई। इस हादसे में छह बच्चों की जलकर मौत हो गई। मृतकों में युनुश का पांच वर्षीय बेटा अशरफ और तीन वर्षीय बेटी गुलनाज, मंजूर का छह वर्षीय बेटा दिलवर, फारूक का चार वर्षीय बेटा बरकस, मतीन का पांच वर्षीय बेटा अली हसन और तनवीर का पांच वर्षीय बेटा खुसनिहार शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार कवैय्या गांव में भाई-बहन समेत छह बच्चे फूस के बने घर में छिपकर भुट्टा (मक्का) भून रहे थे। इस दौरान उड़ी चिंगारी से घर में आग लग गई और बच्चों को घर से निकलने का मौका नहीं मिला। बच्चों का शोर सुनकर जब तक लोग पहुंचते तब तक वे सभी जिंदा जल गए। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*