राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। राष्ट्रवादी विकास पार्टी (RVP) लखनऊ के पार्थ श्रीवास्तव की मौत के मामले को लेकर लगातार सक्रिय है। परिजनों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी ने एक उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया है। यह समिति पार्थ श्रीवास्तव के कोर्ट केस की निगरानी करेगी और जल्द ही लखनऊ का भी दौरा करेगी। पार्थ की पूरी पृष्ठभूमि, वित्तीय स्थिति और परिवार की इच्छा का पता लगाएगी।
रविवार, 6 जून को राष्ट्रवादी विकास पार्टी के महासचिव ब्रिगेडियर अनिल श्रीवास्तव ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि समिति में छह लोग शामिल किए गए हैं। इनमें ओपी श्रीवास्तव, अधिवक्ता व RVP प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश, मनोज सहाय, RVPअध्यक्ष लखनऊ (सदस्य सचिव), धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, अधिवक्ता, इलाहाबाद (सदस्य), राहुल श्रीवास्तव, RVP अध्यक्ष, गाजियाबाद (सदस्य), निशांत सक्सेना (सदस्य) और रजनीश श्रीवास्तव, अधिवक्ता व RVP प्रदेश अध्यक्ष पूर्वी उत्तर प्रदेश (पर्यवेक्षक) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि चूंकि पार्थ श्रीवास्तव की मौत का प्रकरण मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़ा हुआ है। अगर मामले की निष्पक्ष जाँच नहीं होती है तो राष्ट्रवादी विकास पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री व राज्यपाल महोदय को ज्ञापन दिया जाएगा। साथ ही इस मामले के विरोध में जुलाई माह में पूरे उत्तर प्रदेश में धरना-प्रदर्शन का आयोजन करने का निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा समिति द्वारा मामले में स्वतः संज्ञान लेकर जाँच एजेंसियों को समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए माननीय मुख्य न्यायाधीश इलाहाबाद हाई कोर्ट को पत्र लिखने की कार्यवाही की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले माह 22 मई को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के मीडिया सेल में कार्यरत पार्थ श्रीवास्तव ने खुदकुशी कर ली थी। उससे पहले पार्थ ने सुसाइट नोट में कुछ लोगों के नाम भी बताए थे लेकिन पुलिस और सरकार इस मामले में लगातार ढिलाई बरत रही है। इसके मद्देनजर 30 मई को राष्ट्रवादी विकास पार्टी ने एक बैठक आयोजित की थी, जिसमें देश-प्रदेश के कई पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया था। उस बैठक में कई सुझाव समाने आए थे। अब इस मामले में पार्टी ने एक कमेटी/समिति का गठन किया है। अगर जाँच एजेंसियों द्वारा केस के सम्बंध में कोई भी ढिलाई बरती जा रही है या इसको ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास किया जा रहा है तो समिति तुरन्त राष्ट्रीय अध्यक्ष को समस्त प्रकरण से अवगत कराएगी।


Leave a Reply