ABKM ने की पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव मामले की सीबीआई जांच की मांग

सुधांशु श्रीवास्तव/राष्ट्रीय जनमोर्चा
नई दिल्ली। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (एबीकेएम) ने पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की मौत के मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में आज बुधवार को महासभा के राष्ट्रीय संरक्षक ए. सी. भटनागर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखकर कहा है कि प्रतापगढ़ के पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की हत्या की गई है। इस मामले की जांच जब तक सीबीआई से नहीं कराई जाएगी, तब तक हकीकत सामने नहीं आएगी।
उल्लेखनीय है कि सुलभ श्रीवास्तव न्यूज चैनल एबीवीपी गंगा के प्रतापगढ़ जनपद से जिला संवाददाता थे। रविवार 13 जून की देर रात एक सड़क पर उनका शव मिला था। प्रतापगढ़ पुलिस का कहना है कि घटना थाना नगर कोतवाली इलाके के सुखपाल नगर ईंट-भट्ठे के पास की है। सुलभ की मोटरसाइकिल फिसल गई और वह दुर्घटना के शिकार हो गए। पुलिस उन्हें जिला अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने सुलभ को मृत घोषित कर दिया। लेकिन जब प्रदेश के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और तमाम संगठनों ने कहा कि यह हत्या का मामला है। सुलभ श्रीवास्तव ने 11 जून को अपर पुलिस महानिदेशक (प्रयाग जोन) और प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक को एक पत्र लिखकर जान-माल की सुरक्षा करने की मांग भी की थी तो पुलिस के हाथ-पैर फूल आए। दो दिन बाद आखिकार पुलिस ने इस मामले को हत्या के तहत दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
एबीकेएम के राष्ट्रीय संरक्षक ए.सी. भटनागर ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि पत्रकार सुलभ की शराब माफिया ने हत्या की है। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। साथ ही सुलभ श्रीवास्तव के परिवार को आर्थिक मदद और आश्रित पत्नी को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की है। भटनागर ने कहा कि अगर उनकी मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नहीं मानी तो एबीकेएम सड़कों पर संघर्ष करने के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर अनिल श्रीवास्तव, जितेन्द्र बच्चन, विकास सक्सेना आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*