राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गाजियाबाद। पुलिस ने लोनी में हुई मुस्लिम बुजुर्ग की पिटाई के मामले में सपा नेता उम्मेद पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ-साथ इस मामले के आखिरी आरोपी गुलशन को भी पुलिस ने धरदबोचा। दोनों को पुलिस ने दिल्ली के लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया है और अब तक इस मामले में सभी 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शनिवार, 19 जून को एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि इसी महीने 5 जून को गाजियाबाद के लोनी में बुजुर्ग की पिटाई हुई थी। उसके बाद उम्मेद पहलवान पर सोशल मीडिया में भड़काऊ पोस्ट डालने का आरोप है। उम्मेद पहलवान और गुलशन पर एफआईआर दर्ज होने के बाद इनकी आखिरी लोकेशन दिल्ली-नोएडा के बीच देखी गई थी। उम्मेद पहलवान पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था। पाठक ने बताया कि दोनों आरोपितों को गाजियाबाद लाया जाएगा और यहां उनसे पूछताछ की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि उम्मेद पहलावन वॉट्सऐप के जरिए लोगों से जुड़ा हुआ था और उसी की मदद से पुलिस उसकी लोकेशन पता लगाने की कोशिश कर रही थी। उम्मेद पहलवान समाजवादी पार्टी का स्थानीय नेता है। गाजियाबाद जिले में बुजुर्ग समद सैफी की पिटाई और जबरन उनकी दाढ़ी काटने के आरोपों को लेकर घमासान मचा हुआ है। इस मामले में पुलिस सांप्रदायिक पहलू से इनकार कर रही है और कई लोगों को अब तक गिरफ्तार भी कर चुकी है। इसी मामले में उम्मेद पहलवान की भी तलाश की जा रही थी। पुलिस को जैसे ही दिल्ली में उम्मेद की मौजूदगी का पता चला, एक टीम शनिवार को दिल्ली पहुंची और एलएनजेपी अस्पताल के पास से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसने चेहरा ढंक रहा था फिर भी पुलिस की नजरों से नहीं बच पाया। मामले का मुख्य आरोपी प्रवेश गुर्जर एक्सटॉर्शन के एक मामले में जेल में बंद है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है।


Leave a Reply