महिला उन्नति संस्था ने डॉ प्रीति सागर को बुलन्दशहर देहात का बनाया अध्यक्ष

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
बुलन्दशहर। सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था (भारत) लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। आज मंगलवार को उत्तर प्रदेश के जनपद बुलन्दशहर में संस्था का विस्तार किया गया। यहां सिकन्द्राबाद की डा प्रीति सागर को बुलन्दशहर देहात का अध्यक्ष और डा केआर सागर को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
संस्था के संस्थापक डा राहुल वर्मा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि पिछल दिनों महासचिव अनिल भाटी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों का दौरा किया। तब पता चला कि देहात क्षेत्रों में महिलाओं की शैक्षिक, सामाजिक और आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। इसमें सुधार के लिए जरूरी है कि महिलाओं को तमाम सरकारी नीतियों और उनके हक के लिए मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जाए। संस्था हर तरह से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
नवनियुक्त अध्यक्ष डा प्रीति सागर ने कहा कि संस्था ने देहात क्षेत्र की जिम्मेदारी देकर उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर खरा उतरने का हरसम्भव प्रयास करेंगी तथा जल्द ही जनपद टीम का गठन कर सबसे पहले देहात क्षेत्र में बेटियों की शिक्षा को लेकर कार्य किया जाएगा। इस दौरान विजय तंवर, कुमारी रेखा, मंजु सिंह और अनिल भाऊ तिलपता आदि मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*