महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली ‘महिला उन्नति संस्था’ को किया सम्मानित

महिला उन्नति संस्था टीम को कोरोना वॉरियर अवार्ड से सम्मानित करते दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चंदेल

जितेन्द्र बच्चन
ग्रेटर नोएडा। महिला उन्नति संस्था (भारत) देश की बेटियों व महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और मानसिक रूप से मजबूत बनाने का लगातार काम कर रही है। महिला आत्मसम्मान, उनकी गरिमा बढ़ाने और सुरक्षा का संकल्प लिया है। यहां तक कि कोरोना महामारी के इस संकटकाल में भी संस्था के कार्यकर्ता लगातार अपने मिशन में लगे हुए हैं। उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक जागरण ने दिल्ली एनसीआर से प्रकाशित अपनी 31वीं वर्षगांठ पर महिला उन्नति संस्था को ‘कोरोना वॉरियर अवार्ड’ से सम्मानित किया है।
शुक्रवार, 24 जुलाई को जीएल बजाज इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित कोरोना योद्धा सम्मान समारोह में महिला उन्नति संस्था की करीब-करीब पूरी टीम उपस्थित रही। संस्था के अध्यक्ष डॉ राहुल वर्मा ने सम्मानित करने के लिए दैनिक जागरण खासकर समाचार पत्र के ग्रेटर नोएडा ब्यूरो प्रभारी धर्मेंद्र चंदेल के प्रति आभार जताया है।
संस्था की संरक्षक इंदू गोयल ने इस अवसर पर बताया कि महिला उन्नति संस्था प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महिला सम्मान और सशक्तिकरण के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आदि में देश की बेटियों के उत्थान के लिए लगातार सहयोग कर रही है। संस्था के महासचिव अनिल भाटी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और शास्त्रों के अनुसार नारी की गरिमा, सुरक्षा और स्वाभिमान सर्वोपरि है। इनसे खिलवाड़ करने वालों को समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं है। नारी शक्ति, दुर्गा, भवानी का प्रतीक है। इनका अनादर करने वालों का बहिष्कार होना चाहिए। महिला उन्नति संस्था सदैव महिलाओं की आवाज बुलंद करती रहेगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*